सिंदुरिया(महराजगंज) सदर ब्लाक के ग्राम पंचायत कटहरा में जलभराव और बदहाल सड़कों से लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। समस्या के समाधान की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल जलनिकासी और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की है।ग्रामीणों का कहना है कि शिवपुर, कटहरा चौराहा और चोरघटिया (आनंदनगर) की मुख्य सड़कों पर लंबे समय से जलभराव बना हुआ है। वहीं रामनगर, आजाद नगर, समय स्थान और उसरहवा वन टांगिया टोला की सड़कें पूरी तरह जर्जर हो चुकी हैं। इससे पैदल चलने वालों, स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और वाहन चालकों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों ने बताया कि सावन माह में प्राचीन शिव मंदिर में जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु इन्हीं मार्गों से गुजरते हैं। सड़क पर भरे पानी, कीचड़ और गड्ढों के कारण लोगों को आवागमन में कठिनाई हो रही है तथा हादसे की आशंका बनी रहती है। लगातार हो रही बारिश से हालात और अधिक गंभीर हो गए हैं।ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और विभागीय कर्मचारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।ग्रामीण मिथिलेश सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता रवींद्र जैन, समीर अंसारी, नरेंद्र गौंड, रामहरख, सिकंदर, रामबचन साहनी, मेवालाल, जीतन, मनोज गौतम ने जिलाधिकारी से मांग की है कि शिवपुर, कटहरा चौराहा और चोरघटिया (आनंदनगर) में तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था कराई जाए। साथ ही रामनगर, आजाद नगर, समय स्थान और उसरहवा वन टांगिया टोला की क्षतिग्रस्त सड़कों का निरीक्षण कराकर शीघ्र मरम्मत कराई जाए, ताकि ग्रामीणों और श्रद्धालुओं को राहत मिल सके।
सिंदुरिया सवांददाता-रिंकू गुप्ता की रिपोर्ट
Star Public News Online Latest News