मजदूरी कर साइकिल से घर लौट रहे थे राम अधारे, बेनीगंज चौराहे के पास हुआ हादसा
सिंदुरिया(महराजगंज)सिंदुरिया महराजगंज मार्ग पर पतरेगवां गांव के पास बेनीगंज चौराहे पर मंगलवार की रात करीब नौ बजे मोटरसाइकिल और साइकिल की टक्कर में बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, दुर्घटना में शामिल मोटरसाइकिल को भी कब्जे में ले लिया गया है।जानकारी के अनुसार, मिठौरा क्षेत्र के लेदवा गांव निवासी राम अधारे पुत्र स्वर्गीय सुखारी सिंदुरिया में स्तिथि एक गल्ले कि दुकान पर पल्लेदारी का काम करते थे। मंगलवार की रात काम खत्म करने के बाद वह
साइकिल से अपने घर लेदवा लौट रहे थे। अभी वह पतरेगवां गांव के बेनीगंज चौराहे के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही राम अधारे सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने घटना की सूचना दी। इसके बाद घायल बुजुर्ग को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। राम अधारे की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतक के परिवार में पत्नी फूलमती के अलावा दो बेटियां और एक बेटा हैं। परिवार के मुखिया की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।इस संबंध में थानाध्यक्ष अनूप तिवारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना में शामिल मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। अभी तक इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
सिंदुरिया सवांददाता-रिंकू गुप्ता कि रिपोर्ट
Star Public News Online Latest News