शिकायत पर अधिकारियों ने लिया संज्ञान, मिनी स्टेडियम की हुई साफ-सफाई

सिंदुरिया मिनी स्टेडियम में गंदगी और खरपतवार से खिलाड़ियों को हो रही थी परेशानी, खराब लाइटों को दुरुस्त कराने की भी उठी मांग

सिंदुरिया (महराजगंज)।विकास खंड मिठौरा क्षेत्र के ग्राम सभा सिंदुरिया स्थित मिनी स्टेडियम में गंदगी और खरपतवार की समस्या को लेकर की गई शिकायत पर अधिकारियों ने संज्ञान लिया है। इसके बाद स्टेडियम परिसर में साफ-सफाई कराई गई। वहीं, स्टेडियम में लगी लाइटें खराब होने की समस्या भी सामने आई है, जिससे शाम के समय खेलकूद करने वाले बच्चों और अन्य लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।जानकारी के अनुसार, मिनी स्टेडियम परिसर में काफी समय से गंदगी और खरपतवार उगने के कारण खिलाड़ियों तथा ग्रामीणों को दिक्कतें हो रही थीं। इसके अलावा स्टेडियम में लगी लाइटें खराब होने से शाम के समय पर्याप्त रोशनी नहीं मिल पा रही थी। सर्दियों का मौसम शुरू होने के साथ ही बच्चों के खेलकूद और विभिन्न मांगलिक कार्यक्रमों के आयोजन को देखते हुए इस समस्या के समाधान की मांग उठाई गई।ग्राम प्रधान प्रत्याशी विजय यादव ने चार दिन पूर्व संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर मिनी स्टेडियम की साफ-सफाई कराने और अन्य समस्याओं के समाधान की मांग की थी। उन्होंने बताया कि स्टेडियम में गंदगी और खरपतवार के कारण बच्चों को खेलने-कूदने तथा लोगों को बैठने में परेशानी हो रही थी। इसकी जानकारी मिलने के बाद उन्होंने अधिकारियों से संपर्क कर जल्द साफ-सफाई कराने का आग्रह किया।विजय यादव ने स्टेडियम में जिला पंचायत की ओर से लगाई गई लाइटों के खराब होने की शिकायत जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल से भी की। इस पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी। यदि लाइटें खराब हैं, तो समस्या का जल्द समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।इस संबंध में ग्राम पंचायत सचिव सत्यम चौधरी ने बताया कि सर्दियों के मौसम में खेलकूद गतिविधियों के साथ मांगलिक कार्यक्रम भी शुरू होने वाले हैं। इसे ध्यान में रखते हुए सफाईकर्मी जितेंद्र कुमार और कलमेश की ड्यूटी लगाकर मिनी स्टेडियम की साफ-सफाई कराई गई है। उन्होंने बताया कि लाइट खराब होने की जानकारी मिली है, लेकिन स्टेडियम में लगी लाइटें ग्राम पंचायत निधि से नहीं लगाई गई थीं।फिलहाल, साफ-सफाई होने से स्थानीय लोगों को राहत मिली है। हालांकि, स्टेडियम में खराब पड़ी लाइटों को ठीक कराना भी जरूरी है, ताकि बच्चों और खिलाड़ियों को शाम के समय खेलकूद में परेशानी न हो। ग्रामीणों को उम्मीद है कि संबंधित विभाग जल्द ही इस समस्या का समाधान कराएगा।

सिंदुरिया सवांददाता -रिंकू गुप्ता कि रिपोर्ट

Check Also

गोरखपुर सांसद एवं अभिनेता रवि किशन शुक्ला ने गायक आकाश कश्यप की भक्ति गीत ‘तेरी जय हो गोरखनाथ’ का किया लोकार्पण

सिंदुरिया(महराजगंज)गोरखपुर सांसद एवं अभिनेता रवि किशन शुक्ला ने ‘गायक आकाश कश्यप की भक्ति गीत ‘तेरी …