निचलौल(महराजगंज़)सेवा सुरक्षा और नियमितीकरण समेत विभिन्न मांगों को लेकर ग्राम रोजगार सेवकों का आंदोलन तेज हो गया है। मांगों के समर्थन में कार्य बहिष्कार कर रहे ग्राम रोजगार सेवकों ने निचलौल ब्लॉक मुख्यालय पर बैठक कर आगे की रणनीति पर चर्चा की। कर्मचारियों ने मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को प्रदेश स्तर तक ले जाने की चेतावनी दी। ग्राम रोजगार सेवक संघर्ष समिति के बैनर तले जारी मांगपत्र के अनुसार, ग्राम रोजगार सेवक 21 नवंबर से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उनकी प्रमुख मांगों में सम्मानजनक मानदेय निर्धारित कर नियमित भुगतान, सेवा सुरक्षा प्रदान करने के साथ सेवा नियमावली लागू करने और सेवा को स्थायी करने की मांग शामिल है। ग्राम रोजगार सेवकों का कहना है कि लंबे समय से सेवा देने के बावजूद उन्हें मानदेय और सेवा सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने सरकार से उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर समाधान करने की अपील की। निचलौल ब्लॉक मुख्यालय पर आयोजित बैठक में ग्राम रोजगार सेवकों ने अपनी मांगों को लेकर एकजुटता दिखाई। बैठक में विभिन्न ग्राम रोजगार सेवकों ने भाग लिया और आंदोलन को आगे बढ़ाने पर चर्चा की। रोजगार सेवक घनश्याम, नीलम, वंदना ,सच्ची, राकेश, परिमोहमंद, शिरोमणि देवी, पूनम पटेल, इत्यादि रोजगार सेवक मौजूद रहे।
जिला प्रभारी – विजय कुमार पाण्डेय कि रिपोर्ट
Star Public News Online Latest News