महराजगंज़।निचलौल क्षेत्र के कैमा गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि उनकी 16 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से झुलस गई। घर की छत पर दिवाली की झालर और लाइट उतारते समय परिवार हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आ गया। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार, कैमा गांव निवासी रामधारे (40) मंगलवार को अपने घर की छत पर दिवाली के अवसर पर लगाई गई झालर और लाइट उतार रहे थे। इसी दौरान छत के पास से गुजर रहे
हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए। पति को करंट की चपेट में आया देख उनकी पत्नी पुष्पा (38) उन्हें बचाने के लिए दौड़ीं। इसी दौरान बेटी गोल्डी (16) भी मौके पर पहुंच गई। दुर्भाग्यवश पत्नी और बेटी भी करंट की चपेट में आ गईं। आनन-फानन में परिजनों और ग्रामीणों की मदद से तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने रामधारे और उनकी पत्नी पुष्पा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल बेटी गोल्डी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एक ही परिवार के दो लोगों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। जिस घर में कुछ दिन पहले दीपावली की खुशियां मनाई गई थीं, वहां अब चीख-पुकार और अपनों को खोने का गम छाया हुआ है।
जिला प्रभारी -विजय कुमार पाण्डेय कि रिपोर्ट
Star Public News Online Latest News