महराजगंज़।विकास खण्ड निचलौल क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय कोल्हुआ में मध्यान्ह भोजन योजना के तहत कार्यरत रसोइयों को बिना नोटिस सेवा से हटाए जाने और प्रधानाध्यापक पर मनमानी करने का आरोप लगा है। इस मामले में राष्ट्रीय मध्यान्ह भोजन रसोइया फ्रंट ने खंड शिक्षा अधिकारी निचलौल को शिकायती पत्र सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।संगठन का आरोप है कि प्राथमिक विद्यालय कोल्हुआ में तैनात प्रधानाध्यापक कालिका प्रसाद सिंह ने बिना शासनादेश और पूर्व सूचना के रसोइयों को काम से बाहर कर दिया। संगठन ने 13 अक्टूबर 2026 को विद्यालय में हुए निरीक्षण के दौरान भोजन की गुणवत्ता और रसोइयों को दिए जा रहे भोजन को लेकर भी सवाल उठाए हैं।संगठन ने आरोप लगाया है कि विद्यालय में भोजन की गुणवत्ता को लेकर आवाज उठाने वाली रसोइयों के साथ दुर्व्यवहार किया गया। साथ ही, प्रधानाध्यापक पर मनमाने तरीके से नई रसोइयों की नियुक्ति करने और पूर्व से कार्यरत रसोइयों को काम से वंचित करने का आरोप लगाया गया है। पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाए तथा पूर्व से कार्यरत रसोइयों को दोबारा सेवा में लिया जाए। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो रसोइया संगठन आंदोलन और भूख हड़ताल करने के लिए बाध्य होगा। जिलाअध्यक्ष संध्या देवी, जिला संयोजक राजेंद्र प्रसाद, जिला सचिव रामसेवक और ब्लॉक अध्यक्ष पाना देवी आदि लोग मौजूद।
जिला प्रभारी -विजय कुमार पाण्डेय कि रिपोर्ट
Star Public News Online Latest News