महराजगंज़।विकास खंड निचलौल क्षेत्र के ग्राम सभा बजहा उर्फ अहिरौली में विकसित अमृत सरोवर ने पूरे उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया है। मिशन अमृत सरोवर के तहत तैयार इस सरोवर की सुंदरता, गुणवत्ता और बेहतर रखरखाव की बदौलत इसे प्रदेश स्तर पर सर्वोच्च स्थान मिला है। यह उपलब्धि न केवल ग्राम पंचायत बल्कि पूरे महराजगंज जिले के लिए गर्व का विषय है। ग्राम प्रधान अरविंद कुशवाहा ने बताया कि अमृत सरोवर के निर्माण कार्य को पूरी मेहनत, पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ पूरा कराया गया। इसके रखरखाव और सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। सरोवर की आकर्षक साज-सज्जा और स्वच्छ वातावरण के कारण प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचते हैं तथा फोटो और वीडियो बनाकर इसकी सुंदरता को सोशल मीडिया पर साझा करते हैं। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के निर्माण में पूर्व सचिव पिंटू रौनियार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके सतत मार्गदर्शन, कड़ी निगरानी और बेहतर कार्यप्रणाली के कारण निर्माण कार्य समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा हुआ, जिसका परिणाम आज पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान के रूप में सामने आया है।ग्रामीणों का कहना है कि अमृत सरोवर अब केवल जल संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि क्षेत्र की पहचान और आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन चुका है। यह उपलब्धि अन्य ग्राम पंचायतों के लिए भी प्रेरणास्रोत है कि ईमानदारी, गुणवत्ता और जनसहभागिता से विकास कार्यों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
जिला प्रभारी -विजय कुमार पाण्डेय की रिपोर्ट
Star Public News Online Latest News