15 मजदूरों से नाला खुदाई, रिकॉर्ड में 92 की हाजिरी

महराजगंज़।विकास खंड निचलौल क्षेत्र के ग्राम सभा भरवलिया में जी-राम-जी (मनरेगा) योजना के अंतर्गत कराए जा रहे नाला खुदाई कार्य में कथित अनियमितता का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार्यस्थल पर प्रतिदिन केवल 14 से 15 मजदूर ही काम करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि सरकारी अभिलेखों में 92 मजदूरों की उपस्थिति दर्ज की जा रही है। मौके पर मौजूद श्रमिकों की संख्या और सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज हाजिरी के बीच भारी अंतर है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि यदि वास्तव में 92 मजदूर कार्यरत हैं तो शेष मजदूर कार्यस्थल पर क्यों नहीं दिखाई दे रहे हैं, और यदि मौके पर केवल 15 के आसपास मजदूर ही कार्य कर रहे हैं तो अतिरिक्त हाजिरी किस आधार पर दर्ज की जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि इस तरह की अनियमितता हो रही है तो इससे सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। मामले को लेकर निष्पक्ष जांच की मांग भी उठने लगी है। उल्लेखनीय है कि भरवलिया ग्राम सभा में विकास कार्यों को लेकर पूर्व में भी सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में नाला खुदाई कार्य में सामने आए इस कथित मामले ने एक बार फिर ग्राम पंचायत की कार्यप्रणाली और संबंधित अधिकारियों की निगरानी व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है।

जिला प्रभारी -विजय कुमार पाण्डेय की रिपोर्ट

Check Also

सरस्वती देवी महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं ने किया योगाभ्यास

🔊 Listen to this महराजगंज। सरस्वती देवी महाविद्यालय, निचलौल में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई …