Breaking News

नगर पंचायत निचलौल में बढ़ा सभासदों का असंतोष, किसी ने दिया इस्तीफा तो किसी ने सोशल मीडिया पर खोला मोर्चा

महराजगंज़।नगर पंचायत निचलौल में जनप्रतिनिधियों की नाराजगी अब खुलकर सामने आने लगी है। एक ओर वार्ड संख्या-2 बरगदवा की भाजपा सभासद प्रीति यादव ने अधिशासी अधिकारी को लिखित पत्र देकर अपने पद से इस्तीफा सौंप दिया, वहीं दूसरी ओर घोड़हवा वार्ड के सभासद दशरथ प्रसाद ने सोशल मीडिया के माध्यम से नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए अपनी नाराजगी सार्वजनिक कर दी। इन घटनाओं के बाद नगर पंचायत की व्यवस्था और विकास कार्यों को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।सभासद दशरथ ने अपने फेसबुक पोस्ट में आरोप लगाया कि उन्होंने कई बार अधिशासी अधिकारी और सफाई कर्मचारियों से अपने वार्ड में नियमित सफाई कराने की मांग की, लेकिन बार-बार अनुरोध के बावजूद स्वच्छ भारत मिशन के तहत अपेक्षित सफाई कार्य नहीं कराया गया। उन्होंने कहा कि वार्ड की जनता गंदगी से परेशान है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी शिकायतों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। वहीं वार्ड संख्या-2 बरगदवा की सभासद प्रीति यादव ने अधिशासी अधिकारी को दिए अपने इस्तीफे में आरोप लगाया कि उनके वार्ड में उनकी जानकारी और सहमति के बिना विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बोर्ड की बैठक नियमित रूप से नहीं बुलाई जाती, जनप्रतिनिधियों की राय की अनदेखी की जाती है और उनके वार्ड में मनमाने ढंग से कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने पूरे मामले की मंडल स्तर पर निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग की है। लगातार दो सभासदों द्वारा अलग-अलग माध्यमों से जताई गई नाराजगी ने नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। राजनीतिक और स्थानीय स्तर पर यह चर्चा तेज हो गई है कि आखिर जनप्रतिनिधि अपनी ही नगर पंचायत की व्यवस्था से इतने असंतुष्ट क्यों हैं।

जिला प्रभारी-विजय कुमार पाण्डेय की रिपोर्ट

Check Also

युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह के निधन पर डीएम-एसपी ने जताया गहरा शोक, परिजनों को बंधाया ढांढस

🔊 Listen to this निचलौल(महराजगंज) लखनऊ में असामयिक निधन का शिकार हुए युवा वैज्ञानिक राहुल …