महराजगंज़।जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी गंभीर लापरवाही सामने आई है। मिशन सेफ पय्यूर अभियान के तहत परिवहन विभाग की जांच में फरेंदा स्थित एक निजी विद्यालय की स्कूल वैन दिव्यांग चालक द्वारा संचालित होती मिली। मामले को गंभीर मानते हुए विभाग ने स्कूल वैन को निरुद्ध कर चालक के ड्राइविंग लाइसेंस को निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जांच के दौरान चालक विनोद पुत्र जयप्रकाश ने बताया कि करीब दो वर्ष पूर्व सड़क दुर्घटना में उसका दाहिना पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बावजूद वह प्रतिमाह ₹9,000 मानदेय पर रोजाना स्कूली बच्चों का परिवहन कर रहा था। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) मनोज सिंह ने बताया कि यह मोटर वाहन अधिनियम एवं केंद्रीय मोटर वाहन नियमावली का गंभीर उल्लंघन है। विभाग ने संबंधित विद्यालय की मान्यता निरस्त कराने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) को भी पत्र भेजा है। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा तथा स्कूल वाहनों की जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।
जिला प्रभारी -विजय कुमार पाण्डेय की रिपोर्ट
Star Public News Online Latest News