निचलौल(महराजगंज़) विकास खंड निचलौल क्षेत्र के ग्राम सभा कपरौली में मनरेगा कार्यों को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पोखरी खुदाई के नाम पर लगातार बड़ी संख्या में मजदूरों की ऑनलाइन हाजिरी दर्ज की जा रही है, जबकि मौके की स्थिति कुछ और ही बयां कर रही है।ग्रामीणों के अनुसार ग्राम सभा में जिस पोखरी को खुदाई कार्य के लिए दर्शाया गया है, उसमें पर्याप्त मात्रा में पानी भरा हुआ है, जिससे वास्तविक खुदाई कार्य होना संभव नहीं दिखता। इसके बावजूद कार्य प्रगति पर होने का दावा किया जा रहा है और प्रतिदिन 70 से 80 मजदूरों की उपस्थिति दर्ज की जा रही है। बताया जा रहा है कि पोखरी के केवल किनारों पर उगी झाड़ियों और दूब घास की सफाई कर उसे खुदाई कार्य का स्वरूप दिया जा रहा है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि 7 जून को संबंधित स्थल पर कोई कार्य नहीं हुआ, फिर भी ऑनलाइन व्यवस्था के माध्यम से 77 मजदूरों की उपस्थिति दर्ज कर दी गई।सबसे हैरानी की बात यह बताई जा रही है कि कई दिनों से अपलोड किए जा रहे मजदूरों के फोटो में एक जैसी तस्वीरें, समान एंगल और लगभग एक जैसी स्थिति दिखाई दे रही है, जिससे हाजिरी की पारदर्शिता और सत्यता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि इसकी निष्पक्ष जांच कराई जाए तो बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का खुलासा हो सकता है।
जिला प्रभारी -विजय कुमार पाण्डेय की रिपोर्ट
Star Public News Online Latest News