Breaking News

मदनपुरा में आम के पेड़ से लटकता मिला युवक का शव, क्षेत्र में सनसनी

निचलौल(महराजगंज़)स्थानीय थाना क्षेत्र के मदनपुरा गांव में शुक्रवार को एक युवक का शव आम के पेड़ से लटकता मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान गांव निवासी 29 वर्षीय अजय चौहान के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार अजय चौहान सदर कचहरी में अधिवक्ता के साथ प्रैक्टिस कर रहे थे। शुक्रवार सुबह उन्होंने सोशल मीडिया पर एक शायरी वाला स्टेटस लगाया था। इसके बाद वह कचहरी भी नहीं गए। दोपहर में गांव के उत्तर स्थित मधुबनी नहर पटरी के किनारे उनके खेत में लगे आम के पेड़ से उनका शव लटकता हुआ देखा गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। बताया जाता है कि अजय तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके बड़े भाई दिलीप रेलवे में कार्यरत हैं, जबकि दूसरे भाई अरविंद दिल्ली में एक सरकारी कार्यालय में चपरासी के पद पर तैनात हैं। अजय ने वकालत की पढ़ाई पूरी करने के बाद सदर कचहरी में प्रैक्टिस शुरू की थी। उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका है और उनकी शादी भी नहीं हुई थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं युवक की मौत को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक अंकित सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।

जिला प्रभारी -विजय कुमार पाण्डेय की रिपोर्ट

Check Also

किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोपी गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट में भेजा गया जेल

🔊 Listen to this सिंदुरिया (महराजगंज)सिंदुरिया थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी को बहला-फुसलाकर …