निचलौल (महराजगंज) विकास खंड निचलौल क्षेत्र के ग्राम सभा बजहा उर्फ अहिरौली में करीब 35 लाख रुपये की लागत से निर्मित सद्भावना लॉन अब ग्रामीणों के लिए खुशी और सुविधा का नया केंद्र बन गया है। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस मैरेज हॉल के बनने से गांव और आसपास के गरीब किसानों तथा जरूरतमंद परिवारों को शादी-विवाह जैसे आयोजनों के लिए बड़ी राहत मिलेगी। ग्रामीणों का कहना है कि पहले बेटी की शादी के लिए दूर-दराज के मैरेज हॉल बुक करने पड़ते थे, जिससे अतिरिक्त खर्च और परेशानी होती थी। अब गांव में ही सुंदर और सुसज्जित सद्भावना लॉन उपलब्ध होने से कम खर्च में अच्छे आयोजन संभव हो सकेंगे। ग्राम सभा सचिव पिंटू गुप्ता ने बताया कि इस लॉन को किसी भी सामाजिक, पारिवारिक एवं मांगलिक कार्यक्रम के लिए बुक कराया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बुकिंग का न्यूनतम शुल्क 5000 रुपये निर्धारित किया गया है, जिससे हर वर्ग के लोग इसका लाभ उठा सकें।सचिव ने बताया कि इस लॉन की पहली बुकिंग नन्दु कुशवाहा ने अपनी बेटी के विवाह समारोह के लिए कराई है, जिससे गांव में खुशी का माहौल है। वहीं ग्राम प्रधान अरविंद कुशवाहा ने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप यह सद्भावना लॉन ग्रामीणों की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनवाया गया है। इसका उद्देश्य गांव के गरीब, किसान और सामान्य परिवारों को सम्मानजनक व सुविधाजनक स्थान उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी खुशियों को बेहतर ढंग से मना सकें। ग्रामीणों ने सरकार और पंचायत प्रशासन के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि सद्भावना लॉन गांव के विकास और सामाजिक एकता का प्रतीक बनेगा।
जिला प्रभारी-विजय कुमार पाण्डेय की रिपोर्ट
Star Public News Online Latest News