ग्राम रोजगार सेवकों की 10 दिवसीय कलमबद्ध हड़ताल शुरू, कार्य प्रभावित होने की आशंका

महराजगंज। जिले के मिठौरा विकास खंड सहित प्रदेश भर के ग्राम रोजगार सेवकों (मनरेगा कर्मियों) ने अपनी लंबित मांगों को लेकर 16 अप्रैल 2026 से 25 अप्रैल 2026 तक 10 दिवसीय सांकेतिक कलमबद्ध हड़ताल शुरू कर दी है। यह आंदोलन उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक संघ के प्रांतीय आह्वान पर किया जा रहा है।विकास खंड निचलौल क्षेत्र के मनरेगा कर्मियों ने खंड विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अपनी नाराजगी जताई। कर्मचारियों ने पूर्ण कार्य बहिष्कार करते हुए स्पष्ट किया कि उनकी समस्याओं का लंबे समय से समाधान नहीं किया गया, जिससे उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है।रोजगार सेवकों का कहना है कि मानदेय में वृद्धि, सेवा का नियमितीकरण और सेवा शर्तों में सुधार जैसी प्रमुख मांगें वर्षों से लंबित हैं, लेकिन अब तक शासन स्तर पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।कर्मचारियों ने प्रशासन से यह भी अनुरोध किया है कि प्रांतीय नेतृत्व के निर्देश मिलने तक उन पर कार्य का दबाव न बनाया जाए। इस हड़ताल का असर ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे मनरेगा कार्यों पर पड़ने की आशंका है, क्योंकि रोजगार सेवक योजनाओं के संचालन और निगरानी में अहम भूमिका निभाते हैं।इस दौरान टीए चंद्रशेखर, निशांत तिवारी, शशिकांत, शिवेंद्र प्रताप, दयानंद पटेल, रामकेश्वर,धनराज, उमेश चौरसिया, सीमा विश्वकर्मा, विशाल गुप्ता, दिनेश, महेंद्र, संजय, दुर्गेश सहित बड़ी संख्या में ग्राम रोजगार सेवक मौजूद रहे।

जिला प्रभारी-विजय कुमार पाण्डेय की रिपोर्ट

Check Also

सचिव के मुंशी के खाते में जा रहा सरकारी पैसा, फर्जी लेबर पेमेंट का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश

🔊 Listen to this निचलौल(महराजगंज) विकास खण्ड निचलौल क्षेत्र के ग्राम पंचायत सोहगीबरवा में सरकारी …