जिलाधिकारी ने बागापार में किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी

सिंदुरिया(महराजगंज) सदर तहसील क्षेत्र के  बागापार में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान फार्मर रजिस्ट्री अभियान की धीमी प्रगति तथा स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल व्यवस्थाओं पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई। साथ ही अधिकारियों को घर-घर अभियान चलाने और स्वास्थ्य सेवाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान पंचायत भवन से लेकर स्वास्थ्य केंद्र तक कई खामियां उजागर हुईं। मौके पर ही जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों की कड़ी फटकार लगाते हुए स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।फार्मर रजिस्ट्री अभियान की समीक्षा में पाया गया कि ग्राम पंचायत में कुल किसानों की तुलना में रजिस्ट्री का कार्य काफी पीछे है। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि अब केवल पंचायत भवन में बैठकर कार्य नहीं किया जाएगा, बल्कि घर-घर जाकर किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने किसानों को जागरूक करते हुए बताया कि बिना रजिस्ट्री के उन्हें सरकारी योजनाओं, बीज, खाद व अनुदान का लाभ नहीं मिल सकेगा।मौके पर ही 8 किसानों की रजिस्ट्री कर प्रमाण पत्र वितरित किए गए। आंकड़ों के अनुसार कुल 1658 किसानों में से 447 की रजिस्ट्री अभी लंबित है, जबकि नाम मिसमैच, वरासत व अन्य समस्याएं भी सामने आईं।इसके बाद जिलाधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण किया। यहां बिजली की कमी, गंदगी, अव्यवस्थित किचन तथा खराब रखरखाव जैसी कई खामियां पाई गईं, जिस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। किचन में अग्निशमन यंत्र पाए जाने पर भी उन्होंने आपत्ति जताते हुए व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। ऑटो क्लेव मशीन बंद मिलने पर उसे शीघ्र चालू कराने को कहा गया। साथ ही दवाओं की उपलब्धता व एक्सपायरी की भी जांच की गई, जिसमें एंटी रैबीज दवा जनवरी 2027 तक वैध पाई गई।निरीक्षण के दौरान आयोजित स्वास्थ्य मेले में 16 मरीजों का परीक्षण कर उन्हें दवाएं वितरित की गईं। वहीं 1 अप्रैल 2026 से अब तक 8 सुरक्षित प्रसव कराए जाने की जानकारी भी दी गई।जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि अगली बार निरीक्षण में सुधार नहीं मिला तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सिंदुरिया संवाददाता – रिंकू गुप्ता की रिपोर्ट

Check Also

मंगल गीतों के बीच निकली कलशयात्रा, महायज्ञ शुरू

🔊 Listen to this सिंदुरिया(महराजगंज)विकास खंड मिठौरा क्षेत्र के पतरेगवा गांव के टोला शीतलापुर स्थित …