निचलौल(महराजगंज) विकास खंड निचलौल नग्राम पंचायत सोहगीबरवा में स्वच्छ अभियान के नाम पर लाखों रुपये के कथित गबन के मामले मे नोटिस जारी कर दिया है। खबर प्रकाशित होने के बाद सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) निचलौल द्वारा ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सचिव को तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है। कार्यालय सहायक विकास अधिकारी (पं.) निचलौल से जारी नोटिस में बताया गया है कि वित्तीय वर्ष 2025–26 के दौरान स्वच्छता सामग्री जैसे चूना और ब्लीचिंग पाउडर के नाम पर भारी धनराशि निकाली गई। दस्तावेजों के अनुसार मई माह में वाउचर संख्या 2 और 3 के माध्यम से क्रमशः ₹39,500 और ₹39,900 का भुगतान किया गया। अगस्त माह में वाउचर संख्या 22 के जरिए ₹92,500, सितंबर में ₹35,200, अक्टूबर में ₹1,07,900 तथा नवंबर माह में ₹69,800 की राशि स्वच्छता कार्यों के नाम पर खर्च दर्शाई गई। हालांकि ग्रामीणों का आरोप है कि इतनी बड़ी राशि खर्च होने के बावजूद गांव में कहीं भी चूना या ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव नहीं किया गया। नालियों की सफाई नहीं होने से गांव में गंदगी और संक्रमण का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि वास्तव में इतनी सामग्री खरीदी जाती, तो गांव की स्थिति साफ दिखाई देती। नोटिस में ग्राम प्रधान शांति देवी और ग्राम पंचायत सचिव आशुतोष कुमार दुबे को निर्देशित किया गया है कि वे संबंधित वाउचर, बिल और अभिलेखों सहित तीन दिन के भीतर कार्यालय में उपस्थित होकर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि संतोषजनक जवाब न मिलने की स्थिति में उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजकर आगे की कार्रवाई की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी। इस संबंध में सहायक विकास अधिकारी विनय पांडेय ने बताया कि मामला गंभीर है और जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दस्तावेजों और स्थल की जांच के बाद दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रभारी-विजय कुमार पाण्डेय की रिपोर्ट
Star Public News Online Latest News