सिंदुरिया(महराजगंज) जिले के ग्राम रोजगार सेवकों को पिछले आठ महीनों से मानदेय न मिलने के कारण उनमें भारी नाराजगी व्याप्त है। इस संबंध में उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक संघ, जनपद इकाई महराजगंज के पदाधिकारियों और सदस्यों ने प्रमुख सचिव ग्राम्य विकास विभाग उत्तर प्रदेश शासन लखनऊ को संबोधित पत्र जिलाधिकारी के माध्यम से भेजकर शीघ्र मानदेय भुगतान और अन्य मांगों को पूरा करने की मांग की है। संघ के जिलाध्यक्ष ब्रह्मानंद के नेतृत्व में भेजे गए पत्र में बताया गया है कि अगस्त 2025 से अब तक जनपद के ग्राम रोजगार सेवकों को आठ महीने से मानदेय का भुगतान नहीं हुआ है। जबकि ग्राम रोजगार सेवक मनरेगा योजना के साथ-साथ एस आई आर 2025-26,बी एल ओ, फॉर्मर रजिस्ट्रेशन, एग्री स्टैक सर्वे, तथा सरकार के अन्य जनहितकारी कार्यों को ग्राम पंचायत स्तर पर पूरी जिम्मेदारी के साथ संपादित कर रहे हैं। लेकिन बिना मानदेय के लंबे समय तक कार्य करने के कारण ग्राम रोजगार सेवकों की आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है। कई रोजगार सेवकों के लिए अपने परिवार का भरण-पोषण करना भी कठिन हो गया है। आर्थिक तंगी के कारण उनके बच्चे दीपावली, होली जैसे त्योहार भी खुशी से नहीं मना पा रहे हैं और कई रोजगार सेवकों को कर्ज तक लेना पड़ रहा है।
संघ ने कहा कि ग्राम रोजगार सेवकों से लगातार कार्य तो लिया जा रहा है, लेकिन उनका मानदेय समय पर नहीं दिया जा रहा है, जो न्यायसंगत नहीं है। ऐसे में सरकार और प्रशासन को उनकी समस्याओं पर संवेदनशीलता के साथ विचार करते हुए तत्काल समाधान करना चाहिए।पत्र के माध्यम से ग्राम रोजगार सेवकों ने चार प्रमुख मांगें उठाई हैं। पहली मांग यह है कि अब तक के आठ माह का बकाया मानदेय जल्द से जल्द भुगतान किया जाए। दूसरी मांग के तहत ग्राम रोजगार सेवकों के कार्य और महंगाई को देखते हुए उनका मानदेय बढ़ाकर 35 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाए। तीसरी मांग में कहा गया है कि समय से मानदेय भुगतान सुनिश्चित करने के लिए ग्राम रोजगार सेवकों के कार्य विस्तार के साथ उनके वेतन के लिए अलग से वित्तीय बजट की व्यवस्था की जाए। चौथी मांग के रूप में ग्राम रोजगार सेवकों को उनकी वरिष्ठता और अनुभव के आधार पर राज्य कर्मचारी का दर्जा देने की मांग भी की गई है। संघ के पदाधिकारियों ने प्रशासन से अपील की है कि ग्राम रोजगार सेवकों की समस्याओं को मानवीय संवेदना के साथ समझते हुए जल्द समाधान कराया जाए। उन्होंने उम्मीद जताई है कि शासन और प्रशासन उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर रोजगार सेवकों को राहत प्रदान करेगा। ज्ञापन के दौरान मुख्य रूप से धर्मेंद्र पासवान,राजेश,रामकेश्वर रैना,बाबूराम,धनराज,विनोद कुमार वर्मा, सर्वेश मद्धेशिया,सुशील कुमार, मनोज कुमार गौतम,जोखन, विशाल गुप्ता, मोहनलाल, ओमप्रकाश आर्य,शैलैश कुमार,मुराली,चंद्रिका,अम्बीका,प्रवीण मणि त्रिपाठी, अनिल यादव, सहित सैकड़ों की संख्या में ग्राम रोजगार सेवक मौजूद रहे।
सिंदूरिया संवाददाता – रिंकू गुप्ता की रिपोर्ट
Star Public News Online Latest News