सिंदुरिया(महराजगंज)निपुण भारत मिशन के अंतर्गत गुरुवार को मिठौरा ब्लॉक परिसर में “हमारा आंगन, हमारे बच्चे उत्सव” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रामहरख गुप्ता रहे। उन्होंने माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।कार्यक्रम की शुरुआत कस्तूरबा बालिका विद्यालय की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत से हुई। इसके पश्चात देउरवा आंगनबाड़ी केंद्र में अध्ययनरत कुमारी महिला ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुति दी, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा।इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी आनंद मिश्र ने शिक्षकों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तीन से छह वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पूर्व-प्राथमिक शिक्षा से जोड़ने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, शिक्षक, विद्यालय प्रबंधन समिति एवं अभिभावकों की महत्वपूर्ण भूमिका है।खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि छोटे बच्चों की शिक्षा केवल शिक्षकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि नामांकन और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना अभिभावकों का भी दायित्व है। बच्चों को इस प्रकार शिक्षा दी जाए कि उनकी मानसिक क्षमता का विकास हो और शिक्षा के प्रति रुचि बनी रहे।उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों और प्राथमिक विद्यालयों में बुनियादी साक्षरता के अंतर्गत अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत बेसिक शिक्षा विभाग एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त प्रयास से नौनिहालों को शिक्षा से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है, जिसमें शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और अभिभावक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
संवाददाता – रिंकू गुप्ता की रिपोर्ट
Star Public News Online Latest News