नगर पंचायत चौक में राष्ट्रीय बजरंग दल का शस्त्र पूजन व सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम सम्पन्न

महराजगंज।अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद राष्ट्रीय बजरंग दल के तत्वावधान में गुरुवार को नगर पंचायत चौक स्थित सोनाड़ी देवी मंदिर पर शस्त्र पूजन का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला अध्यक्ष विशाल पुष्कर ने की। मौके पर बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। शस्त्र पूजन कार्यक्रम के दौरान सबसे पहले वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां दुर्गा की प्रतिमा का पूजन अर्चन किया गया। तत्पश्चात संगठन के कार्यकर्ताओं ने अपने पारंपरिक अस्त्र-शस्त्रों का पूजन कर समाज में धर्म रक्षा, राष्ट्र रक्षा और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष विशाल पुष्कर ने कहा कि शस्त्र केवल हिंसा का प्रतीक नहीं, बल्कि धर्म और राष्ट्र रक्षा का माध्यम हैं। हमारे पूर्वजों ने हमेशा अन्याय और अत्याचार के खिलाफ खड़े होकर शस्त्रों का उपयोग समाज की रक्षा के लिए किया। आज राष्ट्रीय बजरंग दल का प्रत्येक कार्यकर्ता इसी भावना के साथ कार्य कर रहा है। कार्यक्रम के दौरान संगठन विस्तार पर विशेष ध्यान दिया गया। इसी क्रम में मिथिलेश गुप्ता को नगर संरक्षक और गोलू गोल्ड को नगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। जिला अध्यक्ष ने उन्हें नियुक्ति पत्र देकर संगठन के प्रति ईमानदारी और निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया। इसके अलावा कई अन्य कार्यकर्ताओं ने भी संगठन की सदस्यता ग्रहण की। नव नियुक्त पदाधिकारियों ने कहा कि उन्हें जो दायित्व सौंपा गया है, उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाया जाएगा। उनका प्रयास रहेगा कि नगर में संगठन की पकड़ और मजबूत हो तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक संगठन की नीतियां और उद्देश्य पहुंच सके। इस मौके पर जिला महामंत्री सूरज तिवारी, जिला उपाध्यक्ष सत्यदेव, जिला मंत्री भोला मद्धेशिया सहित संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में हिंदू समाज की एकता, संस्कारों की रक्षा और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। जिला महामंत्री सूरज तिवारी ने कहा कि राष्ट्रीय बजरंग दल का उद्देश्य समाज को जागरूक करना और युवाओं को सही दिशा देना है। आज का यह कार्यक्रम सिर्फ धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं बल्कि आने वाले समय में संगठन की मजबूती का भी संकेत है। जिला मंत्री भोला मद्धेशिया ने कहा कि हिंदू संस्कृति में शस्त्र और शास्त्र दोनों का महत्व है। जहां शास्त्र ज्ञान और विवेक प्रदान करते हैं, वहीं शस्त्र अन्याय और अधर्म के खिलाफ खड़े होने की शक्ति देते हैं। मंदिर परिसर में आयोजित यह कार्यक्रम देर शाम तक चला। अंत में सामूहिक प्रार्थना और जय श्रीराम के गगनभेदी नारों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। संगठन के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि नव नियुक्त नगर पदाधिकारी और कार्यकर्ता संगठन की मजबूती के लिए पूरी लगन से कार्य करेंगे और समाज में संगठन की उपस्थिति और मजबूत करेंगे।

 

संवाददाता -श्रवण वर्मा की रिपोर्ट

Check Also

बलिया नाला ओवरफ्लो से किसानों पर संकट 100 एकड़ गेहूं की फसल जलमग्न, ग्रामीणों ने डीएम से लगाई गुहार

🔊 Listen to this सिंदुरिया (महराजगंज)सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा सिंदुरिया में बलिया नाला …