*2 जुलाई की रात हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई थी*
*विकास पर ढाई लाख रुपए का इनाम, उसकी तलाश में एसटीएफ और पुलिस की टीमें जुटीं*
एस पी न्यूज(सवांददाता)ढाई लाख के इनामी बदमाश विकास दुबे के नेपाल भागने की आशंका जताई जा रही है। गोरखपुर के एडीजी जोन दावा शेरपा ने कहा कि विकास दुबे के नेपाल भागने का शक है। इस बाबत इनपुट मिलने के बाद महाराजगंज जिले में सोनौली-नेपाल बॉर्डर पर मुस्तैदी बढ़ा दी गई है। एसटीएफ व अन्य खूफिया एजेंसियां भी जांच में जुटी हैं। मुखबिरों को भी सक्रिय कर दिया गया है। जगह-जगह उसके पोस्टर भी चस्पा किए गए हैं। नेपाल आने-जाने वालों से पुलिस सहयोग करने की अपील कर रही है।*
*पूर्वांचल में भी अपराधियों की खुलेगी हिस्ट्रीशीट*
*एडीजी जोन गोरखपुर दावा शेरपा ने बताया कि विकास दुबे सोनौली बॉर्डर से नेपाल में दाखिल हो सकता है। इस बात की संभावना जताई गई है। डीजीपी स्तर से मिले निर्देशों के तहत सोनौली बॉर्डर पर पुलिस टीम के साथ अर्द्धसैनिक बलों को भी अलर्ट किया गया है। बॉर्डर पर विकास दुबे का पोस्टर भी लगाया गया है। नेपाल की सीमा से जुड़े अन्य जिलों को भी अलर्ट किया गया है। उन्होंने बताया कि, पूर्वांचल के अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोलने की तैयारी चल रही है। कोई भी अपराधी विकास दुबे की तरह न पनपने पाए, इसके लिए सतत प्रयास चल रहा है।*
*यह है पूरा मामला*
*कानपुर के बिकरु गांव में बीते गुरुवार दो जुलाई की रात एक बजे कानपुर की तीन थानों की पुलिस गैंगस्टर विकास दुबे को पकड़ने के लिए गई थी। जिसका नेतृत्व डीएसपी बिल्हौर देवेंद्र मिश्र कर रहे थे। टीम पहुंची थी कि, विकास दुबे और उसके साथियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। जिसमें डीएसपी समेत आठ पुलिसकर्मियों की जान चली गई थी। जबकि, छह पुलिसकर्मी घायल हुए थे। इस मुठभेड़ के 4 दिन पूरे हो चुके हैं। विकास का पांचवें दिन भी कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। उस पर अब तक ढाई लाख रूपए का इनाम घोषित किया जा चुका है। यूपी एसटीएफ और कानपुर मंडल की 40 टीमें उसकी तलाश में लगी हैं। उधर, बिकरु गांव में डीएसपी समेत 8 पुलिसवालों की हत्या के बाद से अब तक हालात सामान्य नहीं हुए हैं।*
जिला सवांददाता-रतन गुप्ता की रिपोर्ट