युवाओं को साइबर ठगी से बचाव के बताए उपाय, 1930 हेल्पलाइन की दी जानकारी

महराजगंज़।सरस्वती देवी महाविद्यालय, निचलौल में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई की ओर से युवाओं में साइबर सुरक्षा की अनिवार्यता विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं मां भारती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम में महिला उप निरीक्षक वंदना कुमारी, महिला कांस्टेबल गुड़िया, कांस्टेबल अवनीश सिंह तथा थाना निचलौल की साइबर सुरक्षा टीम से कांस्टेबल संजीव सिंह मौजूद रहे। कांस्टेबल संजीव सिंह ने छात्र-छात्राओं को साइबर ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी साझा करने के खतरे, मजबूत पासवर्ड रखने और संदिग्ध लिंक से बचने के बारे में जानकारी दी। उन्होंने ऑनलाइन बैंकिंग और डिजिटल भुगतान के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने बताया कि साइबर ठगी होने पर पीड़ित को बिना देर किए साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करनी चाहिए। महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी सहायता के लिए महिला हेल्पलाइन 181, उत्तर प्रदेश महिला हेल्पलाइन 1090 तथा आपात स्थिति में 112 नंबर पर संपर्क करने की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने सरल एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समाधान किया। कार्यक्रम में शिविर संचालक सैयद आलम अंसारी, सह शिविर संचालक विशाल कुमार कसौधन, उप प्रबंध निदेशक आदित्य सिंह, प्राचार्य सुनील पांडेय, उप प्राचार्य बृजेश उपाध्याय सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं NSS स्वयंसेवकों की सक्रिय सहभागिता रही।

जिला प्रभारी -विजय पाण्डेय कि रिपोर्ट

Check Also

निचलौल-बहुआर सड़क पर गिरा पेड़, घंटों आवागमन बाधित

🔊 Listen to this निचलौल थाना क्षेत्र निचलौल-बहुआर मार्ग पर सुबह अचानक एक पेड़ सड़क …