श्रावण मास को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीआईजी व एसपी ने पंचमुखी शिव मंदिर इटहिया का किया निरीक्षण

महराजगंज़।आगामी श्रावण मास के मद्देनज़र महराजगंज जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। शनिवार को गोरखपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक एस. चन्नप्पा तथा पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने प्रसिद्ध पंचमुखी शिव मंदिर, इटहिया पहुंचकर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर, श्रद्धालुओं के आवागमन मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग तथा यातायात प्रबंधन का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को श्रावण मास में आने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी निचलौल, निचलौल थाना एवं ठूठीबारी पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने भीड़ प्रबंधन, नियमित गश्त, प्रभावी निगरानी तथा सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।पुलिस उपमहानिरीक्षक एस. चन्नप्पा ने कहा कि श्रावण मास में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या असुविधा से बचने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध समय रहते पूरे कर लिए जाएं।श्रावण मास के दौरान पंचमुखी शिव मंदिर इटहिया में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ-साथ नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।

जिला प्रभारी -विजय कुमार पाण्डेय की रिपोर्ट

Check Also

जिगनहवा वार्ड में आरसीसी सड़क निर्माण पर उठे सवाल

🔊 Listen to this महराजगंज़। नगर पंचायत निचलौल के जिगनहवा वार्ड में निर्माणाधीन आरसीसी सड़क …