सिंदुरिया (महराजगंज)सिंदुरिया को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। शनिवार को सिंदुरिया के ग्रामीणों ने सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया को उनके आवास पर ज्ञापन सौंपकर सिंदुरिया को नगर पंचायत घोषित कराने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि सिंदुरिया जनपद का एक महत्वपूर्ण चौराहा है, जहां से बिहार, नेपाल, गोरखपुर, रानीपुर और जिला मुख्यालय को जोड़ने वाली पांच प्रमुख सड़कें गुजरती हैं। लगातार बढ़ती आबादी और व्यापारिक गतिविधियों के कारण यह क्षेत्र अब पूरी तरह कस्बे का स्वरूप ले चुका है, लेकिन अभी तक इसे नगर पंचायत का दर्जा नहीं मिला है। ग्रामीणों ने बताया कि सिंदुरिया हरिहरपुर और पतरेगवां दो ग्राम सभाओं में विभाजित है। दोनों ग्राम सभाओं की संयुक्त जनसंख्या 35 हजार से अधिक है, जबकि नगर पंचायत गठन के लिए 25 हजार आबादी का मानक निर्धारित है। इस लिहाज से सिंदुरिया सभी आवश्यक मानकों को पूरा करता है। सिंदुरिया में इंटर कॉलेज, महाविद्यालय, पुलिस थाना, राजकीय रेशम फार्म, सिंचाई विभाग का डाक बंगला, डाकघर, साधन सहकारी समिति, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, एक दर्जन से अधिक प्राथमिक एवं जूनियर हाईस्कूल, सैकड़ों व्यापारिक प्रतिष्ठान, हजारों छोटी-बड़ी दुकानें, दो राष्ट्रीयकृत बैंक तथा एक निजी बैंक सहित कई महत्वपूर्ण संस्थान संचालित हैं। इसके बावजूद नगर पंचायत का दर्जा न मिलने से स्थानीय लोगों को शहरी सुविधाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है।ग्रामीणों ने विधायक से मांग की कि सिंदुरिया की बढ़ती आबादी, व्यापारिक महत्व और उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं को देखते हुए इसे जल्द से जल्द नगर पंचायत घोषित कराने के लिए शासन स्तर पर प्रभावी पहल की जाए। ज्ञापन सौंपने वालों में अमित यादव, अनुप, विजय यादव, रितिक, दुर्गेश शर्मा, नूरुद्दीन, कृष्ण कुमार, आनंद शर्मा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
सिंदुरिया सवांददाता-रिंकू गुप्ता की रिपोर्ट
Star Public News Online Latest News