महराजगंज़।चौक थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा को बहला-फुसलाकर नेपाल ले जाने के मामले में चौक पुलिस की कार्रवाई को लेकर सामने आई जानकारी के बीच पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई भी चर्चा में है। मामले में थाना चौक में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 जुलाई को छात्रा स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। आरोप है कि रास्ते में उसे एक युवक अपने साथ लेकर नेपाल की ओर जा रहा था। ठूठीबारी बॉर्डर क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात एसएसबी जवानों ने युवक और छात्रा को रोककर पूछताछ की तथा परिजनों को सूचना दी। इसके बाद छात्रा को परिजनों के सुपुर्द किया गया।मामले में छात्रा के पिता की ओर से थाना चौक में लिखित शिकायत दी गई, जिसके आधार पर एफआईआर संख्या 126/2026 दर्ज की गई। पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है और मामले की जांच जारी है। इसी प्रकरण को लेकर बाद में उच्चाधिकारियों और शासन स्तर पर भी शिकायत किए जाने की बात सामने आई है। शिकायत में कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जिनकी सत्यता की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। ऐसे में किसी भी आरोप को अंतिम तथ्य मानना उचित नहीं होगा। मामले में एफआईआर दर्ज होने, आरोपी की गिरफ्तारी और छात्रा को सुरक्षित परिजनों तक पहुंचाए जाने के बाद भी थाना प्रभारी के खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा है। हालांकि, शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र जांच होना आवश्यक है। पुलिस का कहना है कि नाबालिग से जुड़े मामले में सभी पहलुओं को गंभीरता से लिया जा रहा है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी मनीष पटेल के नेतृत्व में पुलिस द्वारा मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू किए जाने से यह स्पष्ट है कि प्रकरण को पुलिस ने नजरअंदाज नहीं किया है। अब जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों से ही यह स्पष्ट होगा कि घटना की वास्तविक स्थिति क्या है।
जिला प्रभारी -विजय कुमार पाण्डेय की रिपोर्ट
Star Public News Online Latest News