निचलौल–कोहड़वल मार्ग की बदहाल सड़क के विरोध विशाल धरना-प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को सौंपा जाएगा ज्ञापन

महराजगंज़।निचलौल से कोहड़वल मार्ग की बदहाल स्थिति और लंबे समय से अधूरे पड़े सड़क निर्माण कार्य को लेकर क्षेत्र की जनता में गहरा आक्रोश व्याप्त है। इसी के विरोध में क्षेत्र के विद्यार्थियों द्वारा विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। प्रदर्शन के उपरांत मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी (एसडीएम) निचलौल को सौंपा जाएगा। आयोजकों का कहना है कि लगभग एक माह पूर्व सड़क निर्माण के नाम पर जेसीबी मशीन से सड़क को तोड़ दिया गया था। इसके बाद निर्माण कार्य पूरा कराने के बजाय उसे अधूरा छोड़ दिया गया, जिससे राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। टूटी सड़क के कारण छात्र-छात्राओं, किसानों, मरीजों, व्यापारियों और आम नागरिकों को प्रतिदिन आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में सड़क पर जलभराव और कीचड़ की समस्या ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है।प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि संबंधित ठेकेदार एवं विभागीय अधिकारियों की लापरवाही के कारण निर्माण कार्य समय पर पूरा नहीं हो सका, जिससे सरकारी धन के दुरुपयोग की भी आशंका जताई जा रही है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। धरना-प्रदर्शन के आयोजकों ने क्षेत्र के सभी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर जनहित की इस लड़ाई को मजबूत बनाने की अपील की है। प्रदर्शन के दौरान सड़क निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराने, निर्माण में हुई कथित अनियमितताओं की जांच कराने तथा दोषी ठेकेदार एवं संबंधित अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन एसडीएम को सौंपा जाएगा।

जिला प्रभारी -विजय कुमार पाण्डेय की रिपोर्ट

Check Also

स्वतंत्रता दिवस पर विद्यालय में बच्चों को नहीं बुलाने पर उठे सवाल, अभिभावकों ने जताई नाराजगी

🔊 Listen to this महराजगंज। विकास खण्ड सिसवा क्षेत्र के करमही में स्थिति स्वतंत्रता दिवस …