Breaking News

श्रावणी मेले की तैयारियों पर प्रशासन सख्त, सुरक्षा मानकों से समझौता नहीं: एसडीएम सिद्धार्थ गुप्

महराजगंज| श्रावणी मेले के शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में मंगलवार को निचलौल के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) सिद्धार्थ गुप्ता ने पंचमुखी शिव मंदिर, इटहिया परिसर में व्यापारियों, मंदिर प्रबंधन समिति, समाजसेवियों एवं स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर मेले की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा, कानून-व्यवस्था एवं भीड़ प्रबंधन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। एसडीएम ने मेले में दुकान लगाने वाले व्यापारियों से सुझाव प्राप्त करने के साथ स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले का संचालन पूरी तरह सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से किया जाए। उन्होंने झूला संचालकों एवं ‘मौत का कुआं’ संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ओवरलोडिंग, लापरवाही अथवा नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित संचालकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। बैठक के दौरान मंदिर के पुजारियों को भी अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए गए। एसडीएम ने कहा कि मेले के दौरान यदि किसी प्रकार का विवाद, झगड़ा या अव्यवस्था उत्पन्न होती है तो जिम्मेदार व्यक्ति के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित पुजारी को भी हटाया जा सकता है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए एसडीएम ने मेले में व्यापक बैरिकेडिंग, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा प्रभावी भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से चोरी, जेबकतरी एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने को कहा। एसडीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि मेले में बिना अनुमति किसी भी प्रकार के जुए, सट्टे या अन्य अवैध गतिविधियों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं। बैठक में

उपस्थित व्यापारियों, मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्यों एवं समाजसेवियों ने मेले की व्यवस्थाओं को लेकर अपने सुझाव रखे। एसडीएम ने सभी सुझावों पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक सुधार एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य, व्यापारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। प्रशासन का कहना है कि इस वर्ष श्रावणी मेले को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी की जाएंगी।

जिला प्रभारी-विजय कुमार पाण्डेय कि रिपोर्ट

Check Also

सिंदुरिया के सूरज ने नीट यूजी 2026 में लहराया परचम, ऑल इंडिया रैंक 12025 हासिल

🔊 Listen to this सिंदुरिया(महराजगंज)जिले के सिंदुरिया निवासी प्रतिभाशाली छात्र सूरज मद्धेशिया ने नीट -यूजी …