Breaking News

निचलौल नगर पंचायत में सियासी बगावत: तीन दिन में अध्यक्ष के खिलाफ खुलकर उतरे नौ सभासद, कार्यशैली पर गंभीर सवाल

क्रासर –प्रीति यादव के इस्तीफे से शुरू हुई नाराजगी, दशरथ प्रसाद की सोशल मीडिया पोस्ट बनी चर्चा का केंद्र, अगले ही दिन नौ सभासदों ने सामूहिक इस्तीफा सौंपकर खोला मोर्चा।

महराजगंज।नगर पंचायत निचलौल में तीन दिनों के भीतर घटनाक्रम इतनी तेजी से बदला कि स्थानीय राजनीति में भूचाल आ गया। सबसे पहले वार्ड संख्या-1 की सभासद प्रीति यादव ने अपने पद से इस्तीफा देकर अध्यक्ष की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए। इसके अगले ही दिन घोड़हवा वार्ड के सभासद दशरथ प्रसाद ने सोशल मीडिया पर स्वच्छ भारत मिशन के तहत अपने वार्ड की सफाई व्यवस्था को लेकर खुलकर नाराजगी जाहिर की और लिखा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ।इसके बाद तीसरे दिन असंतोष खुलकर सामने आ गया। नगर पंचायत के नौ सभासद एकजुट होकर अध्यक्ष की कार्यशैली के विरोध में सामूहिक इस्तीफा सौंपते हुए खुलकर मोर्चे पर उतर आए। इस घटनाक्रम ने नगर पंचायत की राजनीति में हलचल मचा दी है और अध्यक्ष की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सभासदों का आरोप है कि नगर पंचायत में बोर्ड बैठकों का नियमित आयोजन नहीं किया जाता, जनप्रतिनिधियों से विकास कार्यों के संबंध में कोई राय या प्रस्ताव नहीं लिया जाता तथा वार्डों में उनकी जानकारी के बिना कार्य कराए जाते हैं। इससे जनता के बीच उनकी छवि प्रभावित हो रही है और वे अपने क्षेत्र की समस्याओं का समाधान कराने में असहाय महसूस कर रहे हैं।अपने इस्तीफे में सभासद प्रीति यादव ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत अध्यक्ष की मनमानी कार्यशैली से वह आहत हैं। उन्होंने यह भी लिखा कि अध्यक्ष के पुत्र तथा कथित ठेकेदारों द्वारा उन्हें प्रताड़ित किए जाने से वह भय और मानसिक दबाव महसूस कर रही हैं। उन्होंने मंडलायुक्त से मांग की है कि नगर पंचायत में कराए गए सभी विकास कार्यों की उच्चस्तरीय एवं स्थलीय जांच कराई जाए, ताकि पूरे मामले की निष्पक्ष सच्चाई सामने आ सके। उधर, सामूहिक इस्तीफा देने वाले सभासदों ने भी जनहित की अनदेखी, विकास कार्यों में और जनप्रतिनिधियों की लगातार उपेक्षा का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, जिसके चलते उन्हें यह कठोर निर्णय लेना पड़ा। नगर पंचायत निचलौल में एक साथ नौ सभासदों के इस्तीफे ने राजनीतिक हलकों में हलचल तेज कर दी है। अब सबकी निगाहें जिला प्रशासन और शासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। यदि आरोपों की जांच होती है तो नगर पंचायत के प्रशासनिक और राजनीतिक समीकरणों पर इसका व्यापक असर पड़ सकता है।

जिला प्रभारी -विजय कुमार पाण्डेय की रिपोर्ट

Check Also

मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर ड्रोन इनोवेटर राहुल सिंह ने की आत्महत्या, चार पर केस दर्ज

🔊 Listen to this महराजगंज़। देश का नाम रोशन करने वाले 22 वर्षीय बाल वैज्ञानिक …