679 जोड़ी जूते बरामद, तस्करी के आरोप में युवक गिरफ्तार

निचलौल(महराजगंज़)भारत-नेपाल सीमा से सटे ठूठीबारी क्षेत्र में अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ठूठीबारी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 679 जोड़ी जूते बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कस्टम अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में जनपद भर में अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी निचलौल के पर्यवेक्षण में ठूठीबारी थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि लक्ष्मीपुर खुर्द क्षेत्र में अवैध रूप से लाया गया सामान रखा गया है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। जांच के दौरान 20 गत्तों में रखे 679 जोड़ी जूते बरामद किए गए। मौके से पुलिस ने सानू कुमार यादव (32 वर्ष) पुत्र शिवशरण यादव, निवासी लक्ष्मीपुर खुर्द, थाना ठूठीबारी, जनपद महराजगंज को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद आरोपी के विरुद्ध कस्टम अधिनियम की धारा 111 के तहत विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।इस अभियान में लक्ष्मीपुर चौकी प्रभारी मनीष कुमार तिवारी, कांस्टेबल कवि कुमार तथा कांस्टेबल सुनील कुमार सहित ठूठीबारी पुलिस की टीम शामिल रही।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सीमा क्षेत्र में अवैध तस्करी, प्रतिबंधित वस्तुओं की आवाजाही और अन्य संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

जिला प्रभारी -विजय कुमार पाण्डेय की रिपोर्ट

Check Also

महराजगंज में जनकल्याण शिविर एवं पीएम स्वनिधि महोत्सव का आयोजन

🔊 Listen to this महराजगंज।जनपद के कलेक्ट्रेट परिसर में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न …