सिंदुरिया(महराजगंज) सिंदुरिया थाना क्षेत्र में विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन, सेवायोजन कार्यालय महराजगंज का फर्जी पहचान पत्र तथा 90 रुपये नकद बरामद किए हैं।जानकारी के अनुसार, सिंदुरिया थाना क्षेत्र के बरवा सोनिया निवासी संजीव प्रजापति पुत्र रामलखन प्रजापति की तहरीर पर 14 जून को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। शिकायत में बताया गया कि लगभग पांच माह पूर्व भिटौली थाना क्षेत्र के बनकटी निवासी हारुन पुत्र हिदायतुल्लाह, जिसकी भेड़िया में “अतुल टूर एंड ट्रैवल्स” नाम से दुकान है, ने स्वयं को सेवायोजन विभाग का कर्मचारी बताते हुए न्यूजीलैंड भेजने का झांसा दिया था।आरोप है कि अभियुक्त ने विभाग का आईडी कार्ड दिखाकर वादी और उसके अन्य साथियों से अलग-अलग बैंक खातों में प्रति व्यक्ति करीब 1 लाख 58 हजार रुपये जमा कराए। हालांकि, न तो किसी को विदेश भेजा गया और न ही जमा की गई धनराशि वापस की गई।पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना सिंदुरिया में मुकदमा संख्या 131/2026 के तहत धारा 318(4), 319(2), 336(3), 338, 340(2), 351(3) एवं 352 बीएनएस में अभियोग पंजीकृत किया गया। विवेचना के दौरान अभियुक्त द्वारा प्रयुक्त सेवायोजन कार्यालय महराजगंज के कथित आईडी कार्ड का सत्यापन कराया गया, जो फर्जी पाया गया।पुलिस नें 15 जून को सेमरी गांव मोड़ स्थित पुलिया के पास से अभियुक्त हारुन (43 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।इस संबंध में थानाध्यक्ष विशाल शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच में विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी और फर्जी पहचान पत्र का इस्तेमाल किए जाने की पुष्टि हुई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
सिंदुरिया सवांददाता -रिंकू गुप्ता की रिपोर्ट
Star Public News Online Latest News