निचलौल(महराजगंज़) विकास खंड मिठौरा क्षेत्र के ग्राम सभा कपरौली में मनरेगा कार्यों को लेकर अनियमितताओं के आरोप लगातार चर्चा का विषय बने हुए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पोखरी खुदाई कार्य के नाम पर प्रतिदिन 60 से अधिक मजदूरों की उपस्थिति दर्ज की जा रही है, जबकि संबंधित पोखरी में पहले से ही पर्याप्त मात्रा में पानी भरा हुआ है और मौके पर कार्य करने की स्थिति नहीं दिखाई दे रही है। कार्यस्थल पर वास्तविक श्रमिकों की संख्या और मनरेगा मस्टररोल में दर्ज हाजिरी के बीच बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। आरोप है कि बिना कार्य कराए ही मजदूरों की फर्जी हाजिरी लगाकर सरकारी धन के दुरुपयोग का प्रयास किया जा रहा है। स्टार पब्लिक न्यूज की ओर से की गई स्थलीय पड़ताल में भी कई सवाल खड़े हुए। जांच के दौरान यह चर्चा सामने आई कि 8 जून को भी मौके पर कार्य न होने के बावजूद हाजिरी दर्ज की गई। इस संबंध में “कपरौली में मनरेगा कार्यों में अनियमितता के आरोप, बिना कार्य के फर्जी हाजिरी लगाए जाने की चर्चा” शीर्षक नामक से समाचार प्रकाशित किया गया था।ग्रामीणों का आरोप है कि खबर प्रकाशित होने के बाद भी स्थिति में कोई विशेष बदलाव नहीं आया और कथित रूप से फर्जी तरीके से कार्य दिखाने का सिलसिला जारी है। लोगों का कहना है कि इस पूरे मामले में रोजगार सेवक, ग्राम प्रधान तथा संबंधित तकनीकी कर्मचारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। इस सम्बन्ध में मनरेगा एपीओ का कहना है कि जांच कर उक्त फाइल को शून्य किया जाएगा।
जिला प्रभारी-विजय कुमार पाण्डेय की रिपोर्ट
Star Public News Online Latest News