सिंदुरिया(महराजगंज )चौक थाना क्षेत्र के ओबरी गांव में एक नाबालिग बालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आम तोड़ने के विवाद को लेकर हुए इस घटनाक्रम ने स्थानीय स्तर पर चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और आरोपित दंपति को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, चौक थाना क्षेत्र के ओबरी गांव निवासी राजेश गौड़ पुत्र शिव प्रसाद ने थाने में लिखित तहरीर देकर बताया कि उनका पुत्र अनूप गौड़ स्कूल से पढ़कर घर वापस लौट रहा था। रास्ते में उसे प्यास लगी, तो वह पास के एक खेत में पानी पीने चला गया। आरोप है कि उसी समय खेत में मौजूद सरिता देवी और उनके पति रामनाथ ने बालक पर आम तोड़ने का आरोप लगा दिया। इस बात को लेकर दोनों ने कथित रूप से नाबालिग को पकड़ लिया, उसे बांध दिया और उसके साथ मारपीट की।पीड़ित के पिता का कहना है कि जब उन्हें घटना की जानकारी मिली और वे मौके पर पहुंचे, तो आरोपियों ने उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी और थाने में शिकायत दर्ज कराई।मामले की गंभीरता को देखते हुए चौक थाने की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकदमा पंजीकृत किया। इस सम्बन्ध थानाध्यक्ष ओम प्रकाश गुप्ता ने बताया कि पीड़ित के पिता द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर दो आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी रामनाथ और सरिता देवी को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें नजेल भेज दिया गया है,पुलिस के अनुसार, घटना के बाद क्षेत्र में स्थिति सामान्य है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है। एहतियात के तौर पर पुलिस द्वारा निगरानी भी की जा रही है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।इस घटना ने समाज में बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति कानून हाथ में लेने की हिम्मत न कर सके।
सिंदुरिया संवाददाता – रिंकू गुप्ता की रिपोर्ट
Star Public News Online Latest News