ट्रेलर की टक्कर से एक ही परिवार के तीन की मौत, क्षेत्र में शोक की लहर

सिंदुरिया(महराजगंज)सिंदुरिया थाना क्षेत्र के बलुईधुस–निचलौल पुरैना मार्ग पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से एक ही परिवार के तीन लोगों मे पति, पत्नी और लगभग दस माह की मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोठीभार थाना क्षेत्र के भारतखंड पकड़ी निवासी नौसाद अपनी पत्नी सलेहा और बेटी शहजादी के साथ मोटरसाइकिल से परतावल जा रहे थे। इसी दौरान रामपुर कला से गिट्टी खाली कर लौट रहा एक तेज रफ्तार ट्रेलर पीछे से उनकी बाइक में जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।सूचना मिलते ही सिंदुरिया पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करते हुए शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू की। बाद में तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर वाहन को भी अपने कब्जे में ले लिया है।हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन पुलिस की सतर्कता से स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही।बताया जा रहा है कि नौसाद अपने दो भाइयों में सबसे छोटा था और फर्नीचर का काम करता था। उसकी शादी करीब चार वर्ष पहले हुई थी। इस हृदयविदारक घटना से परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है।इस थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह के अनुसार, प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना सिंदुरिया में मु0अ0सं0 94/2026 के तहत धारा 281, 106(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी ट्रेलर चालक दुर्गेश यादव (40 वर्ष), निवासी धरमपुर थाना कैम्पियरगंज जनपद गोरखपुर, को पुलिस हिरासत में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

सिंदुरिया संवाददाता – रिंकू गुप्ता की रिपोर्ट

Check Also

सरस्वती देवी महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं ने किया योगाभ्यास

🔊 Listen to this महराजगंज। सरस्वती देवी महाविद्यालय, निचलौल में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई …