आमने-सामने बाइक टक्कर में दो की मौत, एक गंभीर घायल

सिंदुरिया(महराजगंज) सिंदुरिया थाना क्षेत्र के निचलौल रोड स्थित परसा मीर गेट के पास शनिवार रात करीब 9 बजे दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया।अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही विष्णु विश्वकर्मा (24) पुत्र छेदी विश्वकर्मा निवासी कंचनपुर कुईया तथा शेषनाथ (24) पुत्र चंद्रपाल साहनी की मौत हो गई। वहीं तीसरे घायल वीरेंद्र पुत्र हरिकेश को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।जानकारी के अनुसार, पतरेंगवा टोला शीतलपुर निवासी वीरेंद्र अपने साथी शेषनाथ के साथ मिठौरा से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कंचनपुर कुईया निवासी विष्णु विश्वकर्मा अपनी बाइक से जमुई पंडित स्थित ससुराल जा रहे थे। जैसे ही वह परसा मीर गेट के सामने पहुंचे, सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई।टक्कर इतनी भीषण थी कि एक बाइक का हैंडल और अगला पहिया अलग हो गया और तीनों युवक सड़क पर गिरकर अचेत हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने राहत कार्य करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया।परिजनों के अनुसार, विष्णु विश्वकर्मा अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी शादी पांच वर्ष पूर्व हुई थी, लेकिन उसकी कोई संतान नहीं है। वहीं शेषनाथ दो भाई और एक बहन में सबसे छोटा था।इस सम्बन्ध थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।

सिंदुरिया संवाददाता – रिंकू गुप्ता की रिपोर्ट

Check Also

निचलौल के रितेश चौधरी ने नेशनल चैंपियनशिप में जीता रजत पदक, क्षेत्र का बढ़ाया मान

🔊 Listen to this निचलौल(महराजगंज) स्थानीय तहसील क्षेत्र के होनहार खिलाड़ी रितेश चौधरी ने नेशनल …