बकरी पर झपटा तेंदुआ, ग्रामीणों के शोर मचाने पर गन्ने के खेत में छिपा

महराजगंज़। निचलौल वन रेंज क्षेत्र के ग्राम बैदौली के टोला छोटकीबारी में शुक्रवार को गन्ने के खेत में घात लगाए बैठे तेंदुए ने एक बकरी पर हमला कर दिया। बकरी चरा रही महिलाओं के शोर मचाने पर तेंदुआ बकरी को छोड़कर गन्ने के खेत में जाकर छिप गया। तेंदुए के हमले में बकरी की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। गांव निवासी सुनीता देवी पत्नी शंभू ने बताया कि वह अपनी बकरियों को नहर की तरफ चराने के बाद घर लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में गन्ने के खेत में छिपे तेंदुए ने अचानक झपट्टा मारकर एक बकरी को दबोच लिया। तेंदुआ बकरी को खींचकर गन्ने के खेत में ले जाने लगा। महिला के शोर मचाने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुआ बकरी को छोड़कर गन्ने के खेत के अंदर चला गया। घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग और डब्ल्यूटीआई की टीम मौके पर पहुंची। वन दरोगा हरैश यादव तथा डब्ल्यूटीआई टीम के अरशद हुसैन और रविंद्र तिवारी ने ग्रामीणों को तेंदुए की मौजूदगी को लेकर सतर्क रहने की जानकारी दी। टीम ने लोगों को गन्ने के खेतों के आसपास अकेले न जाने और सावधानी बरतने की अपील की। घटना के बाद ग्रामीणों में तेंदुए को लेकर भय बना हुआ है।

जिला प्रभारी -विजय कुमार पाण्डेय कि रिपोर्ट

Check Also

जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद, योजनाओं की दी गई जानकारी

सिंदुरिया (महराजगंज)विकास खण्ड मिठौरा ग्राम पंचायत सिंदुरिया में जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया …