करंट लगने से भैंस की मौत, बिजली विभाग की लापरवाही 

निचलौल(महराजगंज़) स्थानीय कस्बे के कृष्णा नगर वार्ड नंबर 12 में रविवार सुबह करंट लगने से एक भैंस की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के अनुसार, निचलौल थाना क्षेत्र के ज़िगनहवा निवासी भुआल पुत्र पुनर्वास (50 वर्ष) रविवार सुबह अपनी भैंसों को लेकर जा रहे थे। इसी दौरान बिजली के पोल से नीचे गिरा एक विद्युत तार भैंस के संपर्क में आ गया, जिससे करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बिजली के जर्जर तारों और लापरवाही की शिकायतें पहले भी की जा चुकी हैं, लेकिन समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई। लोगों का कहना है कि यदि यही करंट किसी राहगीर या बच्चे को लग जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से घटना की निष्पक्ष जांच कराने, पशुपालक को उचित मुआवजा देने तथा क्षेत्र में जर्जर और जमीन के संपर्क में आए बिजली के तारों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। इस घटना ने एक बार फिर विद्युत सुरक्षा व्यवस्था और विभागीय लापरवाही पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं।

जिला प्रभारी -विजय कुमार पाण्डेय की रिपोर्ट

Check Also

चार युवकों की मौत के बाद फूटा आक्रोश, परिजनों ने निचलौल-महराजगंज मार्ग किया जाम

🔊 Listen to this महराजगंज़।निचलौल थाना क्षेत्र के दमकी गांव के समीप भारत गैस गोदाम …