Breaking News

तीन दशक पुराने अवैध कब्जे पर चला प्रशासन का बुलडोजर, 16 एकड़ सीलिंग भूमि कराई गई कब्जामुक्त

निचलौल(महराजगंज़)स्थानीय तहसील क्षेत्र के ग्राम गिरहिया में करीब तीन दशक से सीलिंग की सरकारी भूमि पर चले आ रहे अवैध कब्जे के खिलाफ मंगलवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने लगभग 16 एकड़ भूमि को कब्जामुक्त कराते हुए उस पर लगी गन्ने की फसल को तीन ट्रैक्टरों से जोतवा दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार ग्राम प्रधान पूनम चौधरी ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर गांव की सीलिंग भूमि पर वर्षों से चले आ रहे अवैध कब्जे को हटवाने की मांग की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर मंगलवार को राजस्व और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और भूमि को कब्जामुक्त कराने की कार्रवाई शुरू की। उपजिलाधिकारी सिद्धार्थ गुप्ता ने बताया कि ग्राम गिरहिया स्थित आराजी संख्या 107, रकबा 3.411 हेक्टेयर तथा आराजी संख्या 106, रकबा 2.886 हेक्टेयर सहित कुल लगभग 16 एकड़ भूमि सीलिंग की घोषित सरकारी भूमि है। इस भूमि पर कुछ लोगों द्वारा लंबे समय से अवैध रूप से कब्जा कर खेती की जा रही थी। वर्तमान में वहां गन्ने की फसल भी खड़ी थी, जिसे प्रशासन ने ट्रैक्टरों से जोतवाकर भूमि को खाली कराया। तहसीलदार अमित कुमार सिंह ने बताया कि कब्जाधारियों को कई बार नोटिस एवं चेतावनी दी गई थी, लेकिन भूमि खाली नहीं की गई। इसके बाद प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी पड़ी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में दोबारा कब्जा करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने कब्जामुक्त कराई गई भूमि पर दोबारा अतिक्रमण न करने की चेतावनी भी दी है। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान निचलौल थाना प्रभारी निरीक्षक अंकित सिंह, हल्का लेखपाल अनिल कुशवाहा, मनीष पटेल, भारतेंदु, उत्कर्ष मिश्रा सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

जिला प्रभारी -विजय कुमार पाण्डेय की रिपोर्ट

Check Also

कथित कारखास के साए में फल-फूल रहा काले कारोबार का नेटवर्क! अवैध वसूली और संरक्षण के आरोपों से घिरा तंत्र

🔊 Listen to this निचलौल(महराजगंज़)सीमावर्ती ठूठीबारी थाना क्षेत्र इन दिनों कथित अवैध कारोबार में लेकर …