निचलौल में भारत गैस एजेंसी पर हंगामा, महिलाओं ने किया सड़क जाम

निचलौल(महराजगंज) स्थानीय थाना क्षेत्र के भारत गैस एजेंसी पर पर्ची न कटने और गैस उपलब्ध न होने से नाराज महिलाओं का आक्रोश मंगलवार को सड़क पर फूट पड़ा। बड़ी संख्या में महिलाओं ने एजेंसी के बाहर इकट्ठा होकर मुख्य सड़क को जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक सड़क जाम रहने से आवागमन पूरी तरह बाधित रहा और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।स्थानीय महिलाओं का आरोप है कि वे सुबह से ही गैस पर्ची कटवाने के लिए लाइन में लगी थीं, लेकिन एजेंसी के कर्मचारी न तो समय पर पहुंचे और न ही एजेंसी खोली गई। लंबे इंतजार के बावजूद जब कोई सुनवाई नहीं हुई, तो गुस्साई महिलाओं ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने बताया कि गैस सिलेंडर न मिलने से उनके घरों में खाना बनाने की समस्या खड़ी हो गई है। कई महिलाओं ने कहा कि वे रोजमर्रा के काम छोड़कर एजेंसी पर आई थीं, लेकिन उन्हें निराशा ही हाथ लगी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और महिलाओं को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद महिलाओं ने जाम हटाया और यातायात फिर से सामान्य हो सका। वहीं, इस पूरे मामले में एजेंसी के कर्मचारियों का रवैया भी सवालों के घेरे में है, क्योंकि विरोध के दौरान एजेंसी बंद रही और कोई जिम्मेदार व्यक्ति मौके पर मौजूद नहीं मिला।

जिला प्रभारी – विजय कुमार पाण्डेय की रिपोर्ट

Check Also

नाबालिग से मारपीट के आरोप में पति-पत्नी गिरफ्तार।   

🔊 Listen to this सिंदुरिया(महराजगंज )चौक थाना क्षेत्र के ओबरी गांव में एक नाबालिग बालक …