सिंदुरिया(महराजगंज) सिंदुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम सभा मोहनापुर में शनिवार शाम करीब 7:30 बजे टेंट का सामान उतारते समय करंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। प्राप्त
जानकारी के अनुसार मोहनापुर मंठहिया टोला निवासी अमन (22) पुत्र सुभाष एक टेंट हाउस में काम करता था। शनिवार की शाम वह सागर गुप्ता के घर टेंट का सामान उतार रहा था। इसी दौरान पास में लगे ट्रांसफार्मर के निकट एक तार से पाइप सट गया, जिससे उसे तेज करंट लग गया और वह मौके पर ही गिर पड़ा।
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जाता है कि अमन तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसके बड़े भाई की दो वर्ष पूर्व मुंबई में एक ट्रेन हादसे में मौत हो चुकी थी। अमन की शादी एक वर्ष पहले हुई थी, लेकिन आपसी मतभेद के चलते करीब पांच माह पूर्व उसका तलाक हो गया था।
युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। पिता सुभाष का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने कहा कि इससे बड़ा दुर्भाग्य क्या होगा कि उनकी आंखों के सामने दो बेटों की मौत हो चुकी है। इस सम्बन्ध में थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिल गई है। शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
सिंदुरिया संवाददाता – रिंकू गुप्ता की रिपोर्ट
Star Public News Online Latest News