महराजगंज़।निचलौल क्षेत्र में एक कथित सरकारी अध्यापक को लेकर जेवरात गायब होने की कथित घटनाओं की चर्चाएं इन दिनों तेज हैं। इस बीच एक मामले में अर्पित कश्यप द्वारा थाना निचलौल में लिखित प्रार्थना पत्र देकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है। अर्पित कश्यप का आरोप है कि उनके घर से नगदी एवं जेवरात गायब होने की घटना हुई है, जिसकी निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने अपने प्रार्थना पत्र में पुलिस से पूरे मामले की गहन जांच कराने का अनुरोध किया है।वहीं, स्थानीय सूत्रों के हवाले से क्षेत्र में इसी प्रकार की तीन अलग-अलग घटनाओं की चर्चा सामने आ रही है। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।सूत्रों के अनुसार, पहली घटना एक ऐसे परिवार से जुड़ी बताई जा रही है, जहां बिहार के बगहा में विवाह के बाद मायके आई एक युवती के घर से रात के समय अलमारी में रखे जेवरात गायब होने की बात कही जा रही है। बताया जाता है कि इस संबंध में थाने में शिकायत भी की गई थी, लेकिन बाद में आपसी सहमति से मामला शांत हो गया। सूत्रों का दावा है कि उस मामले में भी कथित सरकारी अध्यापक का नाम चर्चाओं में आया था।दूसरी घटना निचलौल के एक टेंट व्यवसायी परिवार से संबंधित बताई जा रही है। सूत्रों का कहना है कि परिवार के सदस्य गोरखपुर जाने से पहले अपने जेवरात सुरक्षित रखने के उद्देश्य से कथित सरकारी अध्यापक के पास छोड़ गए थे। बाद में जब जेवर वापस मांगे गए तो कथित तौर पर उन्हें पहले ही लौटाए जाने की बात कही गई। इसके बाद परिवार द्वारा अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज देखने पर कथित रूप से जेवर सौंपे जाने का दृश्य दिखाई देने का दावा किया गया। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। तीसरी घटना एक इलेक्ट्रॉनिक व्यवसायी के परिवार से जुड़ी बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, परिवार की एक महिला की तबीयत खराब होने पर कथित सरकारी अध्यापक इलाज के लिए उनके घर पहुंचे थे। आरोप है कि इंजेक्शन लगाने के बाद महिला जब चाय बनाने गईं तो इसी दौरान अलमारी में रखे जेवरात के साथ छेड़छाड़ होने का संदेह हुआ। परिवार की एक बच्ची ने कथित रूप से संबंधित व्यक्ति को अलमारी खोलते हुए देखने की बात कही। बाद में यह मामला परिवार के स्तर पर ही सीमित रहा और सार्वजनिक नहीं किया गया।सूत्रों का दावा है कि निचलौल क्षेत्र में इस तरह की तीन घटनाओं की चर्चा है। हालांकि इन मामलों में अभी तक पुलिस या प्रशासन की ओर से किसी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और न ही किसी व्यक्ति के विरुद्ध आरोप सिद्ध हुए हैं। फिलहाल अर्पित कश्यप की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस से निष्पक्ष जांच और तथ्य सामने आने की उम्मीद की जा रही है। जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। यदि जांच में किसी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रभारी-विजय कुमार पाण्डेय की रिपोर्ट
Star Public News Online Latest News