बागापार में मिनी पावर हाउस की राह हुई आसान, विभाग ने शुरू की जमीन की तलाश

सिंदुरिया(महराजगंज)बागापार क्षेत्र के हजारों बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। क्षेत्र में प्रस्तावित मिनी पावर हाउस की स्थापना की दिशा में प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई तेज हो गई है। जिलाधिकारी के निर्देश के बाद विद्युत विभाग ने मिनी पावर हाउस के लिए उपयुक्त भूमि की तलाश शुरू कर दी है। इससे क्षेत्रवासियों में उम्मीद जगी है कि वर्षों से चली आ रही लो वोल्टेज, बार-बार बिजली कटौती और ओवरलोडिंग की समस्या का जल्द स्थायी समाधान होगा।जनहित संघर्ष समिति के अध्यक्ष रवींद्र जैन के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने कुछ दिन पूर्व जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर बागापार में मिनी पावर हाउस स्थापित करने की मांग की थी। ज्ञापन में बागापार सहित आसपास के गांवों में बढ़ते विद्युत भार, लो वोल्टेज और लगातार बाधित हो रही बिजली आपूर्ति की समस्या को प्रमुखता से उठाया गया था।मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसी क्रम में विद्युत विभाग के अवर अभियंता धीरेन्द्र चौरसिया बागापार पहुंचे और मिनी पावर हाउस के लिए उपलब्ध भूमि का निरीक्षण करने के उद्देश्य से जानकारी जुटाई। सामाजिक कार्यकर्ता रवींद्र जैन ने विभाग को दो संभावित स्थानों की जानकारी उपलब्ध कराई, जिन पर विभाग आगे की प्रक्रिया शुरू करेगा।मिनी पावर हाउस बनने से बागापार समेत आसपास के कई गांवों के हजारों उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति मिलने की उम्मीद है। इससे लो वोल्टेज, ट्रिपिंग, ओवरलोडिंग और बार-बार बिजली कटौती जैसी समस्याओं में कमी आएगी तथा किसानों, छात्रों, व्यापारियों और आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा।सामाजिक कार्यकर्ता रवींद्र जैन ने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर उनका संघर्ष आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ जारी रहेगा तथा बागापार के सर्वांगीण विकास के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

 

सिंदुरिया सवांददाता-रिंकू गुप्ता की रिपोर्ट

Check Also

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के दो आरोपी गिरफ्तार

🔊 Listen to this सिंदुरिया(महराजगंज़)स्थानीय थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों में युवतियों को शादी …