निचलौल(महराजगंज)सड़क सुरक्षा को लेकर शासन और परिवहन विभाग लगातार सख्ती बरतने के निर्देश दे रहा है, लेकिन निचलौल क्षेत्र में इसका असर दिखाई नहीं दे रहा है। निचलौल स्थित यादव पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट के ही मोटरसाइकिल चालकों को पेट्रोल दिए जाने का मामला सामने आया है, जिससे शासनादेश की खुलेआम अनदेखी हो रही है। बृहस्पतिवार को यादव पेट्रोल पंप पर मोटरसाइकिल चालकों की लंबी कतार देखी गई, जिसमें अधिकांश चालक बिना हेलमेट के पेट्रोल लेते नजर आए। पेट्रोल पंप कर्मचारियों द्वारा भी बिना हेलमेट वालों को पेट्रोल देने में कोई रोक-टोक नहीं की जा रही थी। इस दौरान सड़क सुरक्षा नियमों का खुलकर उल्लंघन होता रहा। ज्ञात हो कि परिवहन विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा पूर्व में स्पष्ट आदेश जारी किया गया है कि बिना हेलमेट मोटरसाइकिल चालकों को पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। इस आदेश का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और लोगों को हेलमेट पहनने के लिए जागरूक करना है। शासनादेश के तहत पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देशित किया गया है कि बिना हेलमेट वाहन चालकों को ईंधन न दें, अन्यथा संबंधित पेट्रोल पंप के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। इसके बावजूद निचलौल के यादव पेट्रोल पंप पर नियमों की अनदेखी की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पेट्रोल पंप संचालक ही नियमों का पालन नहीं करेंगे तो सड़क सुरक्षा अभियान सफल होना मुश्किल है।
जिला प्रभारी-विजय कुमार पाण्डेय की रिपोर्ट
Star Public News Online Latest News