महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर आस्था की धारा में सराबोर रहा कटहरा का प्राचीन शिवालय

झनझनपुर (महराजगंज)महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर सदर क्षेत्र के कटहरा में स्थित प्राचीन शिव मंदिर में श्रद्धा का विराट दृश्य देखने को मिला। भोर से पहले ही मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा वातावरण ‘बोल बम’ व ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजता रहा।रात्रि में विधिविधान से पूजा-अर्चना के बाद जैसे ही मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले गए, दर्शन-पूजन के लिए लंबी कतारें लग गईं। महिला, पुरुष व युवाओं ने हाथों में पूजा की थाल सजाए अपनी बारी का इंतजार किया। भक्तों ने शिवलिंग पर दूध, गंगाजल, बेलपत्र, धतूरा व भांग अर्पित कर जलाभिषेक किया और परिवार की खुशहाली की कामना की। मंदिर प्रांगण में आयोजित नौ दिवसीय श्री रुद्र महामृत्युंजय महायज्ञ में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। वैदिक मंत्रोच्चार और हवन की सुगंध से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्थानीय प्रशासन और आयोजन समिति के सदस्य लगातार मुस्तैद रहे। महाशिवरात्रि के अवसर पर कटहरा का प्राचीन शिवालय एक बार फिर क्षेत्रीय आस्था का केंद्र बनकर आध्यात्मिक ऊर्जा से आलोकित दिखाई दिया।

झनझनपुर संवाददाता – रंजीत शर्मा की रिपोर्ट

Check Also

निचलौल में भारत गैस एजेंसी पर हंगामा, महिलाओं ने किया सड़क जाम

🔊 Listen to this निचलौल(महराजगंज) स्थानीय थाना क्षेत्र के भारत गैस एजेंसी पर पर्ची न …