Breaking News

एक चिंगारी से उजड़ा गरीब का आशियाना, खुले आसमान के नीचे आया रामप्रसाद का परिवार

महराजगंज़।निचलौल क्षेत्र के शीतलापुर खेसरहा गांव के बाग टोला में अचानक लगी आग ने गरीब रामप्रसाद यादव के परिवार की पूरी गृहस्थी उजाड़ दी। आग की चपेट में आने से उनकी झोपड़ी जलकर राख हो गई। घर में रखा बर्तन, कपड़ा, बिस्तर और खाने-पीने का सामान भी जलकर नष्ट हो गया। हादसे के बाद परिवार के सामने रहने और खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया है। बताया जा रहा है कि झोपड़ी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते और आग पर काबू पाने का प्रयास करते, तब तक झोपड़ी जलकर राख हो चुकी थी। आग की लपटों में परिवार की पूरी गृहस्थी खाक हो गई। रामप्रसाद यादव का परिवार इसी झोपड़ी में रहकर अपना जीवन यापन करता था। आग ने परिवार से सिर छिपाने की छत भी छीन ली। अब परिवार के पास न रहने के लिए घर है और न ही दैनिक जरूरतों का सामान बचा है। पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। रामप्रसाद यादव ने आंखों में आंसू लेकर अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि उनका कोई दूसरा घर नहीं है। गरीबी में किसी तरह परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे, लेकिन आग ने सब कुछ छीन लिया। अब परिवार का गुजारा कैसे होगा, यह समझ में नहीं आ रहा है। उनके पास त्रिपाल तक की व्यवस्था नहीं है।हादसे के बाद परिवार के सामने सबसे बड़ी चिंता रात गुजारने की है। ठंड के मौसम में छोटे-छोटे बच्चों के साथ खुले आसमान के नीचे रहना परिवार के लिए मुश्किल हो गया है। आग में गृहस्थी का सामान जल जाने से परिवार की परेशानी और बढ़ गई है।

जिला प्रभारी -विजय कुमार पाण्डेय कि रिपोर्ट

Check Also

हाईटेंशन तार की चपेट में आने से पति-पत्नी की मौत, बेटी गंभीर रूप से झुलसी

महराजगंज़।निचलौल क्षेत्र के कैमा गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में पति-पत्नी की मौत …