पंचायत सहायक की शिकायत के बाद प्रधान की दबंगई, कॉल रिकॉर्डिंग से बढ़ा विवाद

निचलौल(महराजगंज) विकास खण्ड निचलौल क्षेत्र ग्राम पंचायत बन्नी विशुनपुरा में भुगतान के बावजूद कंप्यूटर मरम्मत, वाई-फाई रिचार्ज और अन्य सामग्री उपलब्ध न कराए जाने को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। पंचायत सहायक द्वारा खंड विकास अधिकारी को लिखित शिकायत देने के बाद मामला तूल पकड़ गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पंचायत सहायक रविकांत विश्वकर्मा ने खंड विकास अधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि पंचायत सचिवालय में कंप्यूटर मरम्मत, वाई-फाई रिचार्ज और अन्य आवश्यक सामग्री के लिए कई बार भुगतान किया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई भी सामान उपलब्ध नहीं कराया गया है। साथ ही कंप्यूटर की मरम्मत भी नहीं कराई गई है, जिससे सचिवालय का कार्य प्रभावित हो रहा है।पंचायत सहायक का कहना है कि इस संबंध में पूर्व में भी कई बार मौखिक और लिखित रूप से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि बिना इंटरनेट और कंप्यूटर के पंचायत से संबंधित ऑनलाइन कार्यों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, पंचायत सहायक द्वारा खंड विकास अधिकारी को लिखित शिकायत दिए जाने की जानकारी मिलने के बाद ग्राम प्रधान ने फोन पर पंचायत सहायक को कथित तौर पर हड़काया। वायरल हो रही ऑडियो रिकॉर्डिंग में ग्राम प्रधान और पंचायत सहायक के बीच तीखी बातचीत सुनाई दे रही है। बातचीत के दौरान ग्राम प्रधान ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए दबाव बनाने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि यह ऑडियो रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें प्रधान द्वारा सचिव को गाली-गलौज और दबंगई भरे लहजे में बात करने की बात सामने आ रही है। इससे पंचायत स्तर पर प्रशासनिक कार्यप्रणाली और भुगतान प्रक्रिया पर सवाल उठने लगे हैं। पंचायत सहायक ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर भुगतान किए गए धन की जांच और संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों पर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में सहायक विकास अधिकारी विनय पाण्डेय ने कहा कि जांच की जा रही है।

जिला प्रभारी-विजय कुमार पाण्डेय की रिपोर्ट

Check Also

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के आवास पर पहुंचे ग्राम रोजगार सेवक, 8 माह से लंबित मानदेय को लेकर सौंपा ज्ञापन

🔊 Listen to this सिंदुरिया(महराजगंज) ग्राम रोजगार सेवकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और लंबित मानदेय …