विशेष सचिव के निरीक्षण से मचा हड़कंप, सीएचसी में खामियां देख लगाई फटकार

बजहा के अमृत सरोवर की सराहना, ग्रामीणों ने गंडक की सफाई व स्वास्थ्य सुविधाओं की उठाई मांग

 

निचलौल। विशेष सचिव परिवहन विभाग केपी सिंह ने गुरुवार को निचलौल क्षेत्र के विभिन्न सरकारी संस्थानों और विकास कार्यों का निरीक्षण किया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल में निरीक्षण के दौरान दवाओं के स्टॉक से संबंधित रजिस्टर का रखरखाव व्यवस्थित नहीं मिला। अस्पताल परिसर में शौचालय के बाहर पानी जमा होने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई। साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था में कमी मिलने पर अधीक्षक को फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के साथ स्वच्छ वातावरण मिलना चाहिए।

 

ग्रामीणों ने गंडक की सफाई की मांग उठाई

 

विशेष सचिव ने बजहा उर्फ अहिरौली ग्राम सभा का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। ग्रामीणों ने गंडक नदी की सफाई और जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की। उनका कहना था कि नदी व जलनिकासी की समस्या के कारण हर वर्ष पानी खेतों में पहुंच जाता है, जिससे किसानों की फसलों को नुकसान होता है।

ग्रामीणों ने बजही स्थित स्वास्थ्य उपकेंद्र की व्यवस्थाओं को लेकर भी शिकायत की। बताया कि रात में चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध नहीं होने से मरीजों को परेशानी होती है। साथ ही दवाओं की उपलब्धता की समस्या भी बताई गई। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विशेष सचिव ने रात्रिकालीन चिकित्सक की तैनाती के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

 

बच्चे ने नाम उल्टा लिखा तो शिक्षण व्यवस्था पर दिया जोर

 

बजहा उर्फ अहिरौली स्थित प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण करते हुए विशेष सचिव ने कक्षा एक के बच्चों से बातचीत की। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई और सामान्य ज्ञान से जुड़े सवाल पूछे तथा अपना नाम लिखने को कहा। इस दौरान एक बच्चे ने अपना नाम उल्टा लिख दिया। इस पर उन्होंने शिक्षण व्यवस्था में सुधार की जरूरत बताते हुए शिक्षकों को बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

 

इसके बाद उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता की। यहां एक गर्भवती महिला की गोद भराई की रस्म कराई गई, जबकि छह माह के बच्चे का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं और संचालित गतिविधियों की जानकारी ली।

 

अमृत सरोवर देख बोले- ऐसा सरोवर पहले नहीं देखा

 

विशेष सचिव ने ग्राम सभा में बने अमृत सरोवर का भी निरीक्षण किया। सरोवर की व्यवस्था और स्वरूप देखकर उन्होंने ग्राम सभा के कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि उन्होंने कई ग्राम सभाओं में अमृत सरोवर देखे हैं, लेकिन इस तरह का सरोवर पहले नहीं देखा। उन्होंने सरोवर के रखरखाव और स्वच्छता को लगातार बनाए रखने पर जोर दिया।

 

मैरेज हाल में ग्रामीणों से किया संवाद

 

ग्राम सभा में बने मैरेज हाल का निरीक्षण करते हुए विशेष सचिव ने ग्रामीणों से संवाद किया। ग्राम प्रधान अरविंद ने बताया कि मैरेज हाल में अब तक तीन कार्यक्रम आयोजित हो चुके हैं, जबकि आगामी समय के लिए पांच कार्यक्रमों की बुकिंग की जा चुकी है। विशेष सचिव ने ग्रामीणों से मैरेज हाल के उपयोग और उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।

 

कुड़ियां माता मंदिर में की पूजा-अर्चना

 

निरीक्षण के दौरान विशेष सचिव कुड़ियां स्थित प्रसिद्ध कुड़ियां माता मंदिर भी पहुंचे। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना कर माता का आशीर्वाद लिया। मंदिर के पुजारी से इसके इतिहास और धार्मिक महत्व की जानकारी ली। ग्रामीणों ने मंदिर की विशेषताओं से भी उन्हें अवगत कराया।

 

आयुर्वेदिक केंद्र में दवाओं की जानकारी नहीं दे सकीं योग प्रशिक्षिका

 

बैठवलिया स्थित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सा केंद्र के निरीक्षण के दौरान मौके पर मौजूद योग प्रशिक्षण से जुड़ी मंशा मद्धेशिया से दवाओं और केंद्र की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली गई। वह दवाओं से संबंधित जानकारी स्पष्ट रूप से नहीं दे सकीं। इस पर विशेष सचिव ने नाराजगी जताते हुए व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्र पर आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

 

डिजिटल लाइब्रेरी में बच्चों से ली पढ़ाई की जानकारी

 

विशेष सचिव ने बैठवलिया स्थित डिजिटल लाइब्रेरी का भी निरीक्षण किया। यहां बड़ी संख्या में बच्चे अध्ययन करते मिले। उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और तैयारियों के बारे में जानकारी ली।

 

छठ पूजा के नाम पर अनियमितता की शिकायत

 

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने छठ पूजा के नाम पर कथित वित्तीय अनियमितता की शिकायत भी विशेष सचिव से की। ग्रामीणों ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की। विशेष सचिव ने ग्रामीणों की शिकायत सुनी और संबंधित विषय में आवश्यक कार्रवाई के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।

जिला प्रभारी -विजय कुमार पाण्डेय कि रिपोर्ट

Check Also

मिठौरा ब्लाक में पत्रकारों की अहम बैठक, भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट होने का संकल्प

सिंदुरिया(महराजगंज) विकास खंड मिठौरा ब्लॉक परिसर में पत्रकारों की एक अहम बैठक आयोजित हुई। बैठक …