सिंदुरिया(महराजगंज)विकास खंड मिठौरा क्षेत्र के ग्राम पंचायत बरोहिया मे मां काली मंदिर के समीप स्थित यज्ञ स्थल पर हो रहे नौ दिवसीय शतचंडी महायज्ञ में रामलीला के कुशल कलाकारों द्वारा महायज्ञ के सातवें दिन बुधवार को दिन में लीला मंच के माध्यम से गंगा तट पर राम – लक्ष्मण एवं सीता जी के पहुंचने के उपरान्त नाव से गंगा पार कराने हेतु केवट से अनुरोध किए जाने का मार्मिक एवं बहुत ही भावपूर्ण प्रसंग राम – केवट संवाद का सजीव मंचन किया गया । जिसे देखकर पांडाल में उपस्थित दर्शक भावविभोर हो गए । इस प्रसंग में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीरामचन्द्र जी जब केवट से नाव द्वारा गंगा नदी पार कराने का अनुरोध करते हैं तो केवट भगवान राम से कहता है कि जब तक आप गंगा जल से पांव पखारने का हमें इजाजत नहीं देंगे । तब तक हम आपको सपरिवार अपनी नाव में नहीं बैठा सकते हैं , गंगा नदी पार कराना तो बहुत दूर की बात है । ऐसे में राम तथा केवट का बहुत ही भावपूर्ण एवं मार्मिक वार्तालाप होता है । इसमें केवट का हठ उसके निश्छल प्रेम और चरणामृत पाने की उसकी हार्दिक इच्छा को दर्शाता है । भगवान राम केवट की अटूट एवं सच्ची भक्ति से प्रसन्न होकर उससे पैर धुलवाते हैं और भवसागर से पार भी उतारते हैं । इस अटूट आस्था एवं निश्छल भक्ति का सजीव मंचन देखकर सभी श्रद्धालु दर्शक हर्षित हो उठे । राम के नाम का जयघोष होने से पूरे वातावरण में भक्तिरस घुल गया और सभी लोग भक्तिरस से सराबोर हो गए ।
इस महायज्ञ में यज्ञ समिति के संरक्षक व ग्राम प्रधान बरोहिया गिरिजेश गुप्ता एवं राघवेंद्र पाण्डेय,अध्यक्ष सोनू गुप्ता,कोषाध्यक्ष गजेन्द्र चौधरी,महंत श्री किशुन गिरी,उद्घोषक मनोज शर्मा,ऋषि गुप्ता,गोरख चौधरी,अनिल कुमार पाण्डेय,जितेन्द्र चौधरी,चंद्रिका शर्मा,सन्नी गौड़,धर्मेन्द्र गौड़,राम उजागर चौधरी,आशीष गुप्ता,कौलेश गुप्ता,उत्रीचन्द चौधरी सहित अन्य सभी जिम्मेदार लोगों द्वारा अपनी जिम्मेदारियों का काफी बेहतर तरीके से निर्वहन किया जा रहा है । जिसकी सभी लोग भूरि – भूरि प्रशंसा कर रहे हैं ।
सिंदुरिया संवाददाता -रिंकू गुप्ता की रिपोर्ट
Star Public News Online Latest News