सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, शिकायत के बाद भी नहीं खुला रास्ता

महराजगंज़।निचलौल तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा खोनहौली निवासी ग्रामीणों ने सरकारी भूमि पर कथित अवैध कब्जा कर आवागमन का रास्ता बाधित किए जाने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि मामले की शिकायत कई बार जिलाधिकारी सहित सिंचाई विभाग के अधिकारियों से की गई, लेकिन अब तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं हुई है। शिकायतकर्ता राम आशीष पुत्र केदार, दिनेश पुत्र राम समुझ, सुभाष पुत्र चंदी, बिलास पुत्र राम जतन, राम कृपाल पुत्र राम जतन और सर्वेश पुत्र श्रीनिवास ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके घरों के सामने गंडक माइनर नहर की सरकारी भूमि स्थित है। आरोप है कि गाटा संख्या 249, 250, 251 और 252 की सरकारी भूमि पर कुछ लोगों ने कथित रूप से अवैध कब्जा कर कच्चे मकान बना लिए हैं। इससे उनके घरों तक आने-जाने का रास्ता बाधित हो रहा है।ग्रामीणों के अनुसार, इस संबंध में 18 जुलाई 2026 को जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज की गई थी। शिकायत को कार्रवाई के लिए सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को भेजा गया, लेकिन निर्धारित समय सीमा बीतने के बाद भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि वह कई बार जिलाधिकारी और सिंचाई विभाग के अधिकारियों के कार्यालय के चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। पीड़ित ग्रामीणों का कहना है कि उनके घर ठीक सामने होने के कारण रास्ता बंद होने से रोजमर्रा के आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने अधिकारियों से सरकारी भूमि की जांच कराकर कथित अतिक्रमण हटाने और आवागमन का रास्ता बहाल कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि न्याय की उम्मीद में लंबे समय से अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब देखना यह है कि जिला प्रशासन और सिंचाई विभाग ग्रामीणों की समस्या का संज्ञान लेकर कब तक कार्रवाई करता है।

जिला प्रभारी -विजय कुमार पाण्डेय कि रिपोर्ट

Check Also

बेकाबू डंपर की चपेट में आने से चार लोगों की दर्दनाक मौत

🔊 Listen to this महराजगंज़। निचलौक थाना क्षेत्र के निचलौल-महराजगंज मार्ग पर स्थित दमकी गैस …