महराजगंज़।निचलौल थाना क्षेत्र के दमकी गांव के समीप भारत गैस गोदाम के पास हुए भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौत के बाद बुधवार को परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर दिखाई दिया। हादसे से गुस्साए परिजनों ने निचलौल-महराजगंज मार्ग पर चक्का जाम कर दिया और मृतकों के परिवारों को मुआवजा देने समेत विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क जाम होने से मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा।हादसे में ग्राम पचमा निवासी सनी पुत्र रामकेयस (18 वर्ष), विवेक पुत्र संतोष (18 वर्ष), किशन पुत्र रामकेयस (18 वर्ष) और शिव पुत्र संतोष (18 वर्ष) की मौत हुई
थी। चार युवकों की एक साथ मौत से गांव और आसपास के क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। चक्का जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और तहसील प्रशासन मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों ने परिजनों को समझाने और जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे। मौके पर काफी देर तक प्रशासन और परिजनों के बीच बातचीत का दौर चलता रहा। परिजनों ने प्रशासन के समक्ष मृतकों के परिवारों को उचित क्षतिपूर्ति एवं मुआवजा देने, परिवार के सदस्यों को सहायता उपलब्ध कराने तथा अन्य मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। परिजनों का कहना था कि चार परिवारों ने अपने युवा बेटों को खोया है, ऐसे में सरकार और प्रशासन को पीड़ित परिवारों की आर्थिक मदद करनी चाहिए। काफी देर तक चली बातचीत और उपजिलाधिकारी निचलौल एवं पुलिस प्रशासन के आश्वासन के बाद परिजन सड़क से हटने को तैयार हुए। इसके बाद चक्का जाम समाप्त हुआ और निचलौल-महराजगंज मार्ग पर आवागमन फिर से शुरू हो सका।
जिला प्रभारी -विजय कुमार पाण्डेय कि रिपोर्ट
Star Public News Online Latest News