खेत की पैमाइश के दौरान विवाद, महिला ने लेखपाल के सामने मारपीट का लगाया आरोप

निचलौल(महराजगंज़)कोठीभार थाना क्षेत्र के सिसवा बाजार के ग्राम विशुनपुरा में खेत की पैमाइश के दौरान विवाद बढ़ने का मामला सामने आया है। एक महिला ने कोठीभार थाने में तहरीर देकर कुछ लोगों पर मारपीट, अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।पीड़िता के अनुसार, 11 जुलाई 2026 को शाम करीब 4 बजे गांव में लेखपाल की मौजूदगी में खेत की पैमाइश की जा रही थी। इसी दौरान भूमि विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। महिला का आरोप है कि आरोपितों ने उसके साथ-साथ परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं। महिला ने अपनी तहरीर में यह भी आरोप लगाया है कि जब परिजन बीच-बचाव करने पहुंचे तो उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया और जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़िता ने आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।कोठीभार पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रभारी -विजय कुमार पाण्डेय की रिपोर्ट

Check Also

 करंट लगने से भैंस की मौत, बिजली विभाग की लापरवाही 

🔊 Listen to this निचलौल(महराजगंज़) स्थानीय कस्बे के कृष्णा नगर वार्ड नंबर 12 में रविवार …