निचलौल(महराजगंज)अवैध डीजल भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना निचलौल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ग्राम बढेपुरवा में छापेमारी कर एक घर से लगभग 700 लीटर डीजल बरामद किया है। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को करीब तीन बजे थाना निचलौल पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली कि ग्राम बढेपुरवा निवासी एक व्यक्ति द्वारा घर में अवैध रूप से भारी मात्रा में डीजल का भंडारण किया गया है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी निचलौल और क्षेत्राधिकारी निचलौल के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।छापेमारी के दौरान मुकुत पुत्र धुरुप निवासी ग्राम बढेपुरवा के घर की तलाशी ली गई। जांच में घर की छत पर रखी छोटी-बड़ी टंकियों और गैलनों में लगभग 700 लीटर डीजल तेल भंडारित पाया गया। मौके पर
पूर्ति निरीक्षक निचलौल को भी बुलाया गया, जिन्होंने बरामद डीजल की जांच की। पुलिस ने बरामद डीजल को कब्जे में लेते हुए मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार अवैध भंडारण के संबंध में जांच की जा रही है और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अवैध पेट्रोलियम पदार्थों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। वहीं कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी रही।
जिला प्रभारी-विजय कुमार पाण्डेय की रिपोर्ट
Star Public News Online Latest News